Move to Jagran APP

Himachal Municipal Election Results 2021: चुनावी सेमीफाइनल में कांग्रेस का हाथ ऊपर, दो नगर निगम में बहुमत

Himachal Municipal Election Results 2021 चुनावी सेमीफाइनल माने जा रहे हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव में कांग्रेस सोलन व पालमपुर में जीत दर्ज करने में सफल रही। धर्मशाला में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला जबकि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है।

By Vijay BhushanEdited By: Published: Thu, 08 Apr 2021 12:29 AM (IST)Updated: Thu, 08 Apr 2021 07:37 AM (IST)
Himachal Municipal Election Results 2021: चुनावी सेमीफाइनल में कांग्रेस का हाथ ऊपर, दो नगर निगम में बहुमत
सोलन नगर निगम में कांग्रेस की जीत के बाद जश्‍न मनाते कार्यकर्ता।

शिमला, जेएनएन। Himachal Municipal Election Results 2021, चुनावी सेमीफाइनल माने जा रहे हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों के चुनाव में कांग्रेस सोलन व पालमपुर में जीत दर्ज करने में सफल रही। धर्मशाला में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला जबकि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है। मंडी में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस को बड़े अंतर से पीछे छोड़ा। प्रदेश में 43 सीटों पर भाग्य आजमाने उतरी आम आदमी पार्टी (आप) का एक भी प्रत्याशी जीत दर्ज करने में सफल नहीं हो सका। छह नगर पंचायतों में नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे। भाजपा ने आनी, कंडाघाट, अम्ब, निरमंड में जीत दर्ज की। नेरवा में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है जबकि चिडग़ांव में कांग्रेस के हाथ बाजी लगी। प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुए इन चुनाव को काफी अहम माना जा रहा था। नगर निगमों के चुनाव पार्टी सिंबल पर करवाए गए। प्रदेश सरकार ने इसी साल पालमपुर, मंडी व सोलन को नगर निगम का दर्जा दिया था। भाजपा व कांग्रेस के बड़े नेताओं ने चुनाव में ताकत झोंकी थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत बड़े नेताओं ने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे थे।

loksabha election banner

मंडी में भाजपा का चला जादू

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में नगर निगम चुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। 15 वार्डों में से 11 पर भाजपा प्रत्याशी जीते हैं, जबकि कांग्रेस के हिस्से चार सीटें आई हैं। नगर निगम मंडी में पंडित सुखराम परिवार को करारा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के गृह वार्ड समखेतर में कांग्रेस का प्रत्याशी हार गया है। पड्डल वार्ड से मैदान में उतरे नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष पुष्पराज को भी हार का मुंह देखना पड़ा है। नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष सुमन ठाकुर ने शानदार जीत दर्ज की है। कांग्रेस की पूर्व पार्षद उर्मिला वार्ड-12 से चुनाव हार गईं। वहीं, कांग्रेस की पूर्व पार्षद अलकनंदा हांडा भी चुनाव जीत गई हैं। तल्याहड़ से लेकर बैहना तक आठ वार्डों में भाजपा ने कांग्रेस को कहीं टिकने नहीं दिया इन वार्डों में मतदाताओं ने कांग्रेस को नकार दिया। पूर्व मंत्री कौल ङ्क्षसह ठाकुर व प्रकाश चौधरी अपने हलके के एक-एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने में सफल रहे।

सोलन में कांटे की टक्कर में जीती कांग्रेस

सोलन में 17 वार्डों में से कांग्रेस और भाजपा में कड़ी टक्कर देखने को मिली। कांग्रेस ने नौ सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा जुटा लिया जबकि भाजपा सात ही सीटें जीत सकी। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी ने कब्जा जमाया। नगर निगम सोलन पर कांग्रेस ने परचम लहरा दिया है। कांग्रेस नगर निगम जीतने के साथ साथ भाजपा के बडे धुरंधरों को पराजित करने में भी कामयाब हुई है। सोलन के वार्ड नंबर 11 और आठ में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यहां भाजपा के अध्यक्ष रहे देवेंद्र ठाकुर के बेटे अभिषेक ठाकुर को कांग्रेस के अभय शर्मा ने 88 मतों के अंतर से पराजित किया। भाजपा के दिग्गज नेता व नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें कांग्रेस की पूनम ग्रोवर ने पवन गुप्ता को 370 मतों के अंतर से पराजित किया है। वार्ड 14 से कांग्रेस के राजीव कौड़ा ने 745 मतों के अंतर से सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

धर्मशाला में निर्दलीयों के हाथ चाबी

नगर निगम धर्मशाला में भाजपा कुछ हद तक साख बचाने में कामयाब रही है। 17 वार्डों वाली नगर निगम धर्मशाला में भाजपा आठ सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप मे उभरी है, लेकिन बहुमत का आंकड़ा नहीं जुटा पाई। पांच सीटों पर कांग्रेस व चार पर निर्दलीयों ने कब्जा जमाया है। भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि निर्दलीय जीते पार्षदों के सहयोग से भाजपा बहुमत का आंकड़ा जुटा लेगी। धर्मशाला के निवर्तमान महापौर देवेंद्र जग्गी, पूर्व महापौर रजनी व उपमहापौर ओंकार नैहरिया को जनता ने दोबारा प्रतिनिधित्व का मौका दिया है। दाड़ी वार्ड से निवर्तमान पार्षद सविता कार्की ने एक बार फिर जीत दर्ज की है। धर्मशाला में दूसरी बार नगर निगम के चुनाव हुए हैैं। पहले चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज की थी।

पालमपुर में कांग्रेस की एकतरफा जीत

नगर निगम पालमपुर में कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज कर ली। भाजपा सरकार ने पालमपुर नगर परिषद का दर्जा बढ़ाकर नगर निगम बनाया था, लेकिन कांग्रेस के दुर्ग को भेदने में सफल नहीं हो पाई। यहां 15 वार्डों में से कांग्रेस के प्रत्याशियों ने 11 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा के हाथ केवल दो सीटें आईं। दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने कब्जा जमाया। नगर परिषद पालमपुर की पूर्व अध्यक्ष राधा सूद का नामांकन रद होने के कारण उनकी जगह उतरी सोना सूद ने जीत हासिल की है। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थे लेकिन उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा को सिर्फ राजपुर व बनूरी वार्ड में जीत मिली है।  

आनी, निरमंड, कंडाघाट व अम्ब नगर पंचायत में भाजपा जीती

छह नगर पंचायतों के चुनाव में भाजपा ने चार पर कब्जा जमा लिया है। कुल्लू जिले के आनी व निरमंड, ऊना जिले के अम्ब, सोलन के कंडाघाट में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। शिमला जिले के नेरवा में किसी को बहुमत नहीं मिला जबकि कांग्रेस के हिस्से चिडग़ांव नगर पंचायत आई।

कुल्लू जिले की नवगठित नगर पंचायत आनी के सात वार्डों में से पांच पर भाजपा जबकि दो कांग्रेस प्रत्याशी जीते हैं। निरमंड नगर पंचायत में छह वार्डों में भाजपा ने कब्जा जमाया, जबकि एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी जीता है। यहां दोनों प्रत्याशियों को 116-116 मत प्राप्त हुए। इस कारण टॉस से कांग्रेस प्रत्याशी को विजेता घोषित किया गया। उधर, नगर पंचायत कंडाघाट के चुनाव में सात में से छह सीटों पर भाजपा समर्थितों ने जीत दर्ज की है। नगर पंचायत चिडग़ांव में कांग्रेस समर्थितों का कब्जा रहा है। यहां पर कांग्रेस समर्थित एक प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुना गया था। इसके अलावा पांच कांग्रेस समर्थितों और एक भाजपा समर्थित ने जीत दर्ज की है। नगर पंचायत नेरवा में चार वार्डों में हुए चुनाव में तीन पर कांग्रेस समर्थित एवं एक वार्ड पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीते हैं। तीन पार्षद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इन पर भाजपा अपने समर्थक होने का दावा जता रही है।

नगर पंचायत अम्ब में बुधवार को हुए चुनाव में भाजपा का दबदबा रहा। नौ वार्ड की इस नगर पंचायत में भाजपा समर्थित छह प्रत्याशी, कांग्रेस समर्थित दो व एक निर्दलीय जीता है। नगर पंचायत के बहुचर्चित वार्ड नौ में परागपुर के पूर्व विधायक नवीन धीमान की पत्नी इंदुबाला धीमान ने जीत हासिल की। भाजपा से समर्थन न मिलने पर उन्होंने अपने दम पर जीत दर्ज की।

चार नगर निगम चुनाव में 65 फीसद मतदान

राज्य के चार नगर निगमों के चुनाव में 65 फीसद मतदान हुआ। जबकि छह नगर पंचायतों नेरवा, चिडग़ांव, आनी, निरमंड और अंब में 78.20 फीसदी वोट डाले गए। जिला शिमला के दो ब्लॉक चौपाल, टुटू और जिला मंडी के धर्मपुर ब्लॉक के पंचायत चुनाव में 68.13 फीसद मतदान हुआ। मतदान के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया गया। तीनों चुनाव में 65 कोरोना संक्रमितों ने मतदान किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.