कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक मंच पर आकर साधा सरकार पर निशाना, भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
Congress Senior Leaders कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं ने एक मंच पर आकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इन्होंने आरोप लगाया कि जयराम सरकार में भ्रष्टाचार बेरोजगार अवैध खनन बढ़ा है। सरकार कर्ज पर चल रही है। राजस्व न के बराबर रह गया है।
धर्मशाला, जेएनएन। कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं ने एक मंच पर आकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इन्होंने आरोप लगाया कि जयराम सरकार में भ्रष्टाचार, बेरोजगार, अवैध खनन बढ़ा है। पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह, जीएस बाली, विप्लव ठाकुर, चंद्र कुमार ने धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि विकास कार्य सिफर हो गए हैं। सरकार कर्ज पर चल रही है। राजस्व न के बराबर रह गया है।
स्वास्थ्य विभाग में करोड़ों रुपये के घोटाले हुए हैं। जयराम ठाकुर बताएं कि राजीव बिंदल ने इस्तीफा क्यों दिया। मंत्रियों पर जमीनें खरीदने के आरोप लग रहे हैं। जल शक्ति विभाग को मंत्री अपनी मर्जी से चला रहे हैं। मंत्री ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों की भी नियुक्तियां करवा दीं। जमीन खरीद मामले और जलशक्ति विभाग में नियुक्तियों की जांच की जाए। ऑक्सीमीटर और मास्क खरीदने में लाखों रुपये की हेराफेरी हुई है। इसकी जांच की जाए।
केंद्र में मोदी सरकार देश को निजी हाथों में बेच रही है। रेलवे को भी पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। मोदी ने नोटबंदी व जीएसटी से लाखों लोगों को बेरोजगार कर दिया है। कांग्रेस एकजुट है और किसान, युवा विरोधी सरकार से जनता की जंग लड़ेगी। इस मौके पर जिला व स्थानीय अन्य नेता भी मौजूद रहे।