यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 17, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता उतरे सड़क पर, जिलास्तर पर किया किया प्रदर्शन
Congress Protest रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलास्तर पर प्रदर्शन किया।

धर्मशाला/कुल्लू, जेएनएन। रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलास्तर पर प्रदर्शन किया। धर्मशाला में युवा कांग्रेस ने महंगाई समेत बढ़ती बेरोजगारी पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अतिरिक्त उपायुक्त राघव शर्मा के माध्य्म से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। धर्मशाला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अनुज कुमार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश मे महंगाई चरम सीमा पर है।
रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बहुत अधिक हो गई है, रोजमर्रा में प्रयोग होने वाली वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं। इस कारण आज आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। वहीं केंद्र की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारों का आंकड़ा बढ़ रहा है। निजी स्कूल मनमानी से फीस वसूल रहे हैं। यही नहीं देश में गलत कानून लाकर देश के लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है।
उधर, जिला कुल्लू महिला कांग्रेस ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढालपुर चौक से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद उपायुक्त कुल्लू के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजकर गैस सिलेंडर के दाम सहित महंगाई को भी कम करने की मांग की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महिला कांग्रेस कुल्लू की अध्यक्ष अरूणा ने कहा नारों और झूठे वादों के साथ सत्ता में आई भाजपा सरकार ने महंगाई और गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर गरीब के मुंह से निवाला छीन लिया है।
उन्होंने कहा गैस सिलेंडरों के दाम में एकदम 148 रुपये का उछाल आया है और बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत जहां पहले 414 रुपये थी, वहीं वर्तमान में 858 रुपये हो गई है। पिछले एक साल में ही रसोई गैस के दाम में 110 फीसद की वृद्धि हुई है, जाे जनता के साथ सरासर धोखा है। उन्होंने कहा महंगाई को कम करने का वादा करके मोदी सरकार ने देश की जनता के साथ झूठ बोला है।
