कांग्रेसी राहुल गांधी की रैली को लेकर शिमला में बनाएंगे रणनीति
congress president Rahul gandhi rally in kangra कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सात मार्च को हिमाचल के कांगड़ा जिला में रैली कर लोकसभा चुनाव का बिगुल बजा देंगे।
कांगड़ा, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सात मार्च को हिमाचल के कांगड़ा जिला में रैली कर लोकसभा चुनाव का बिगुल बजा देंगे। लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश में कांग्रेस की यह पहली बड़ी रैली होगी। रैली में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाकर कांग्रेसी चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कांगड़ा रैली की तैयारियों के लिए शिमला में पार्टी के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में सोमवार को विस्तार से चर्चा करेंगी। रैली की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों को खास निर्देश दिए जाएंगे।
सोमवार को ही राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस की आम सभा भी होगी, इसमें प्रदेशभर से करीब एक हजार डेलीगेट हिस्सा लेंगे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक भी मौजूद रहेंगे। उधर, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का कहना है राहुल गांधी की सात मार्च को कांगड़ा में रैली होनी तय है। रैली कहां होगी, यह अभी फाइनल नहीं हो पाया है।