कांग्रेस विधायकों ने प्रदर्शन के लिए जुगाड़ से किया प्याज का इंतजाम और फिर पहुंचा दिया दुकान पर, जानिए पूरा मामला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार को विपक्षी सदस्यों ने प्याज की बढ़ती कीमत के विरोध में प्रदर्शन किया।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार को विपक्षी सदस्यों ने प्याज की बढ़ती कीमत के विरोध में प्रदर्शन किया। पहली बार हुआ कि सदन के अंदर सदस्य प्याज की मालाएं पहने नजर आए। लेकिन अंदर की बात यह है कि कांग्रेस के विधायकों को भी प्याज की कीमत ने डरा दिया। यही कारण रहा कि प्रदर्शन के लिए मालाएं बनाने के लिए लाया गया प्याज किसी दुकान से खरीदा नहीं गया था बल्कि जुगाड़ से लाया गया था। प्रदर्शन के बाद प्याज को वापस दुकानदार को लौटा दिया गया।
सूत्र बताते हैैं कि प्रदर्शन के लिए आठ से 10 किलो प्याज का प्रयोग किया गया था। इसे लाने की जिम्मेदारी भी पार्टी ने एक विधायक को सौंप रखी थी। मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने प्याज की मालाएं पहन कर प्रदर्शन किया था। हालांकि उनका यह प्रदर्शन काफी विवादों में भी आ गया है, क्योंकि विधायक सदन के अंदर प्याज की मालाएं और पोस्टर ले गए थे।
हिमाचल प्रदेश में भी प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। यहां प्याज 100 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास मिल रहा है। हालांकि सरकार ने प्याज के दाम नियंत्रित करने के लिए हस्तक्षेप किया है व अब जिला प्रशासन को दाम व मुनाफा तय करने काे कहा गया है। साथ ही राशन डिपो में भी 70 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्याज उपलब्ध करवाए जाने का सरकार ने निर्णय लिया है।