राहुल पर बयान के खिलाफ सत्ती के पुतले फूंके, चुनाव आयोग से शिकायत करेगी कांग्रेस
congress leader protest against satti राहुल पर बयान के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने सतपाल सत्ती का पुतला फूंका व पार्टी चुनाव आयोग में उनकी शिकायत करेगी।
धर्मशाला, जेएनएन। राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर प्रदेश भर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का पुतला फूंककर नारेबाजी की। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा रविवार को एक जनसभा के दौरान एक फेसबुक यूजर की पोस्ट पढ़ी थी, जिसमें राहुल गांधी को गाली दी गई थी। शिमला, ऊना व कुल्लू में भी सतपाल सत्ती के पुतले फूंके गए। धर्मशाला में कांग्रेस पदाधिकारियों ने पूर्व एडवोकेट जनरल की अगुआई में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की।
चंबा कांग्रेस ने मंगलवार को भरमौर चौक में विरोध प्रदर्शन करते हुए सतपाल सत्ती का पुतला फूंका। कांग्रेस जिला अध्यक्ष नीरज नैयर ने कहा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं, जिस कारण वह बेहुदा बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने अभ्यास शिविरों में कार्यकर्ताओं को क्या संस्कार दे रही है। यह अध्यक्ष के गंदे और अभद्र विचारों से प्रकट हो रहा है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें मातृ शक्ति से सार्वजनिक मंच पर माफी मांगनी होगी, नहीं तो प्रदेश स्तर पर धरना प्रदर्शन होगा। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कपिल भूषण ने सत्ती की टिप्पणी को अपमानजनक व दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। चुनाव आयोग में इसकी शिकायत दी जाएगी। कांग्रेस इस मामले में चुप नहीं बैठेगी।