गृह जिला में कांग्रेस के प्रदर्शन से पूर्व अध्यक्ष सुक्खू नदारद, कुलदीप राठौर ने दिया यह जवाब; पढ़ें खबर
कांग्रेस ने जिला हमीरपुर में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेकिन इस प्रदर्शन से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू नदारद रहे।
हमीरपुर, जेएनएन। कांग्रेस ने जिला हमीरपुर में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेकिन इस प्रदर्शन से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू नदारद रहे, जबकि उनका यह गृह जिला है। कांग्रेस कमेटी के धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व विधायक राजिंद्र राणा समेत अन्य मौजूद रहे। सुक्खू के नदारद रहने के सवाल पर राठौर टालमटोल करते दिखे। राठौर ने पहले कहा कि उन्हें सुक्खू के बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन बाद में कहा कि हो सकता है सुक्खू को कोई जरूरी काम हो। राठौर ने कहा प्रदेश में पार्टी एकजुट है व वीरभद्र समेत सभी पूर्व अध्यक्षों व अन्य नेताओं का उन्हें पूरा सहयोग है।
इससे पहले कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। संकल्प पत्र में जनता से 120 वादे लोकसभा चुनाव के दौरान किए थे। मुद्दे पीछे हो गए और पुलवामा की घटना के कारण लोगों ने एक तरफ वोट डाल दिया। जीएसटी लागू कर हर आदमी के लिए परेशानी खड़ी कर दी। मोदी सरकार सौदेबाजी कर रही है। देश आर्थिक मंदी से गुजर रहा है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा जयराम ठाकुर की भाजपा सरकार बुरी तरह हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा रोजगार के नाम पर युवाओं को ठगा जा रहा है। खनन व नशा माफिया सक्रिय है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने इन्वेस्टर्स मीट में रेल के शिगूफे छोड़े, लेकिन हमीरपुर में रेल आसपास नहीं दिखती। गैर हिमाचलियों को नौकरियां किस आधार पर दी जा रही हैं, सरकार को जबाव देना होगा।