ऑडियो मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से करवाई जाए जांच, कांग्रेस ने सीएम पर भी उठाए सवाल
स्वास्थ्य विभाग में हुए भ्रष्टाचार मामले की जांच पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पार्टी ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से मामले की जांच करने की मांग की है।
शिमला, जेएनएन। स्वास्थ्य विभाग में हुए भ्रष्टाचार मामले की जांच पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। पार्टी ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से मामले की जांच करने की मांग की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और और गृह विभाग दोनों मुख्यमंत्री के पास हैं। ऐसे में निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। कोई भी अधिकारी अपने बॉस के खिलाफ सीधे तौर पर कार्रवाई नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि न्यायिक जांच होने सच जनता के सामने लाया जा सकेगा, और सीएम की विश्वसनियता भी बनी रहेगी। कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही पीपीई किट, सैनिटाइजर घोटाले में भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही थी।
पार्टी ने जो भी आरोप लगाए वह सभी सही साबित हुए हैं। उन्होंने कहा बिलासपुर जिला में पीपीई किट के बदले रेन कोट की सप्लाई हुई है, सचिवालय में मंहगे दाम पर सैनिटाइजर बेचे गए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में सामने आए इस भ्रष्टाचार से हिमाचल की छवि पूरे देश में खराब हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि सैनिटाइजर के दाम तय है। बावजूद इसके जिलाें में सीएमओ ने 500 मिली लीटर सैनिटाइजर 750 रुपये में खरीदा है, जबकि आर्युवेद विभाग में इसकी खरीद 250 रुपये में हुई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के समय खरीदे गए स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद में भी घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि महामारी के समय गरीब लोग यहां तक की मनरेगा के मजदूर दान कर रहे हैं ताकि सरकार कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ सके। जबकि दूसरी तरफ सरकार में भ्रष्टाचार हो रहा है। पार्टी जिलास्तर पर इसका विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कोरोना के मामले बढ़ने में भी सरकार की कोताही रही है। कांग्रेस द्वारा इक्ट्ठा किए गए चंदे को कैसे इस्तेमाल करना है इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। पूर्व मंत्री व विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, कांग्रेस कोषाध्यक्ष कर्ण पठानिया व हरि कृष्ण हिमराल को इसका सदस्य बनाया गया है।
हमीरपुर मामले में हो निष्पक्ष जांच
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा हमीरपुर में 15 लोगों को टेस्ट के बाद ये कहकर घर भेज दिया कि उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बाद में इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो इन्हें घर से वापिस बुलाया। उन्होंने कहा इससे बड़ी लापरवाही नहीं हो सकती। कांग्रेस ने कोताही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।