सताएगी ठंड: तापमान में आएगी 8 डिग्री तक गिरावट, दो दिन बारिश व बर्फबारी की चेतावनी; यलो अलर्ट
Himachal Weather update ऊंचे क्षेत्रों के लोगों को अभी सर्दी से राहत के आसार कम दिख रहे हैं। निचले क्षेत्रों में भी रुक-रुककर बारिश का क्रम जारी है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। ऊंचे क्षेत्रों के लोगों को अभी सर्दी से राहत के आसार कम दिख रहे हैं। निचले क्षेत्रों में भी रुक-रुककर बारिश का क्रम जारी है। यह क्रम आगे भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने दो दिन भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा अोलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रशासन को इस दौरान एहतियात बरतने की हिदायत दी है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह का कहना है कि कई दिन से राज्य के अधिकांश भागों में मौमस खराब रहने से तापमान में गिरावट का क्रम चल रहा है। 29 फरवरी तक प्रदेश में 6 से 8 डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना है। प्रदेश के लोगों को अभी सर्दी से शीघ्र छुटकारा मिलना संभव नहीं है। दो दिन तक प्रदेश के निचले हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। जबकि मध्यम व अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। 28 व 29 फरवरी को भी मौसम खराब रहेगा। इस संबंध में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
मंगलवार को प्रदेश के छह जिलों में जमकर बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को दिन की शुरुआत हालांकि धूप खिलने से हुई। आसमान में छाए हल्के बादल दोपहर तक गहरे हो गए। दोपहर बाद अचानक बारिश शुरू हो गई। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कांगड़ा व चंबा जिले के कुछ क्षेत्रों में आधे-पौने घंटे तक भारी बारिश हुई। साथ ही ओलावृष्टि भी हुई। इससे सड़कें सफेद हो गई। ओलावृष्टि से सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचा है।
कहां, कितना रहा तापमान
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- केलंग, -8.0, 3.3
- कल्पा, -1.0, 10.0
- मनाली, 0.0, 15.8
- शिमला, 4.7, 15.9
- सोलन, 5.6, 21.0
- चंबा, 5.8, 23.0
- धर्मशाला, 7.8, 17.8
- ऊना, 8.8, 26.7
- बिलासपुर, 9.5, 23.5
- हमीरपुर, 9.8, 23.0
- मंडी, 11.2, 23.4
- नाहन, 12.6, 23.01