जयराम ठाकुर बोले, देवभूमि की बेटी का अपमान सहन नहीं करेंगे, धूमल व कांग्रेस नेता भी समर्थन में
Kangana Ranaut मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा हम देवभूमि की बेटी का अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं करेंगे।
मंडी, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा हम देवभूमि की बेटी का अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं करेंगे। मुंबई में शिवसेना, कांग्रेस व एनसीपी गठबंधन की सरकार ने हिमाचल की बेटी के साथ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से अत्याचार किया है। यह अत्यंत चिंताजनक व निंदनीय है। प्रदेश सरकार एवं देश की संपूर्ण जनता कंगना रनौत के साथ खड़ी है। कंगना के मणिकर्णिका फिल्म कार्यालय में बीएमसी सरकार की अनुमति या इशारे के बिना आनन-फानन में इस तरह की कार्रवाई नहीं कर सकती थी। यह पूरी कार्रवाई बदले की भावना से की गई प्रतीत होती है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी कंगना के समर्थन में उतर गए हैं। धूमल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कहा हिमाचल की बेटी के साथ महाराष्ट्र सरकार ने जो अत्याचार किया है, उसकी घोर निंदा करता हूं। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कंगना न केवल हिमाचल, बल्कि पूरे देश का गौरव है। हिमाचल व देश का बच्चा-बच्चा कंगना के साथ खड़ा है।
शिमला ग्रामीण से विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने कंगना रनौत को हिमाचल का गौरव बताते हुए कहा इस मामले को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखना चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से कंगना की सुरक्षा का ध्यान रखने की मांग की और कहा जो भी कार्रवाई हो वह कानून के दायरे में रहकर हो व सबके लिए बराबर हो। विक्रमादित्य ने कंगना को भी भाषा पर संयक रखने का आग्रह किया।
राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा देवभूमि हिमाचल की बेटी का अपमान देश सहन नहीं करेगा। शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने महराष्ट्र सरकार की इस कार्रवाई की निंदा की है।