एक साथ हाेगी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति व मंत्रिमंडल विस्तार, शाह की मौजूदगी में हो सकता है निर्णय
BJP New President हिमाचल भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। सरकार में मंत्री बनने की आस लगाए बैठे विधायकों का इंतजार भी लंबा हो गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लगा दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा एक साथ होगी। इससे साफ हो गया है कि दोनों की घोषणा नए साल में होगी।
अब संगठन व प्रदेश सरकार दो साल के जश्न की तैयारियों में जुटी गई है। 27 दिसंबर को प्रदेश भाजपा सरकार का दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर शिमला में मेगा शो के आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद पर नियुक्ति और मंत्रिमंडल विस्तार की एक साथ घोषणा से शपथ लेने का इंतजार कर रहे भाजपा विधायकों को और इंतजार करना पड़ेगा।
माना जा रहा है कि जनवरी में किसी भी समय अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नेताओं को अमित शाह की रैली में भरपूर सहयोग करना पड़ेगा। इसी तरह से मंत्री पद की इच्छा पाल रहे भाजपा विधायकों को भी मुख्यमंत्री के आसपास रहना पड़ेगा। अमित शाह की रैली के दौरान ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और मंत्रियों के नामों पर मुहर लगेगी। इस दौरान अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मुलाकात होना तय है।