दिल्ली चुनाव परिणाम पर बोले सीएम जयराम, कांग्रेस का हिमाचल में भी ऐसा ही हाल होगा
Delhi Assembly Election Result दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम जयराम ने कहा रुझानों में आम आमदी पार्टी को बहुमत मिलना लगभग तय माना जा रहा है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोगों का मत महत्वपूर्ण है। भाजपा के लिए खुशी की बात है कि दिल्ली में वोट प्रतिशत में इजाफा हुआ है। भाजपा के पक्ष में 40 फीसद से ज्यादा वोट पड़े हैं। सीएम जयराम ने कहा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पूरे देश का विकास करवा रही है। हम अपने संगठन को और सशक्त करेंगे व अन्य राज्यों के चुनाव बेहतर वापसी करेंगे।
जयराम ठाकुर ने शिमला में एक कार्यक्रम के दौरान कहा दिल्ली में भाजपा का बेहतर प्रदर्शन रहा है। जयराम ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा हिमाचल में भी कांग्रेस का हाल दिल्ली जैसा ही होगा। सीएम जयराम ठाकुर ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर निशाना साधा। उन्होंने अग्िनहोत्री को भाषा पर संयम बरतने की सलाह दी।
सीएम जयराम ठाकुर ने दिल्ली में सात दिन से ज्यादा लगातार प्रचार किया था। इसके अलावा हरियाणा, उत्तराखंड समेत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी लगातार प्रचार किया था। लेकिन इसके बावजूद पार्टी को जीत मिलती नहीं दिख रही। हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रियों समेत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल भी प्रचार में डटे रहे थे। दस दिन से ज्यादा समय तक हिमाचल सचिवालय में सन्नाटा पसरा रहा था, क्योंकि मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्री दिल्ली का रुख कर चुके थे।
हिमाचल प्रदेश के भाजपा नेताओं को दस सीटों पर प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत नौ केबिनेट मंत्री व संगठन के 70 पदाधिकारियों ने मोर्चा संभाला हुआ था। दिल्ली के जाट बहुल और जिस क्षेत्र में हिमाचली ज्यादा संख्या में रह रहे हैं, उनकी जिम्मेदारी दी हुई थी। हिमाचल के भाजपा नेताओं ने प्रचार के अंतिम दिन तक ताकत झोंकी रखी।