मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बोले, कांग्रेस नेता अब खुद परिवारवाद से हो चुके हैं तंग, बिखरी हुई मिलेगी पार्टी
CM Jairam Thakur मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा हिमाचल कांग्रेस ने कोरोना काल में अपनी ही पार्टी को झूठा खर्च बिल भेजकर लूटने की कोशिश की। लूट से अपनी पार्टी को भी नहीं बख्शा। कांग्रेस अब परिवारवाद से खुद तंग हो गई है।
घुमारवीं, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के तहत आने वाले भराड़ी इलाके में पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री बिलासपुर जिला मुख्यालय पर लुहणू ग्राउंड में हेलिकॉप्टर से उतरने के बाद केबिनेट मंत्री राजेंद्र गर्ग विधायक सुभाष ठाकुर, विधायक जीत राम कटवाल के साथ भराड़ी पहुंचे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा हिमाचल कांग्रेस ने कोरोना काल में अपनी ही पार्टी को झूठा खर्च बिल भेजकर लूटने की कोशिश की। लूट से अपनी पार्टी को भी नहीं बख्शा। कांग्रेस अब परिवारवाद से खुद तंग हो गई है। आने वाले दिनों में कांग्रेस कई हिस्सों में बंटकर बिखरी हुई मिलेगी, क्योंकि सभी अब गांधी परिवार से मुक्ति चाहते हैं। सीएम ने कहा कांग्रेस शासित पंजाब में करीब 5000 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हिमाचल में बेहतर प्रबंधन के कारण कम लोगों की मौतें हुई हैं।
सीएम जयराम ठाकुर ने यहां पर अलग-अलग क्षेत्रों में करीब 185 करोड़ के विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन किए। भराड़ी पहुंचने पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, भाजपा मंडल और जिला महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।