सीएम ने जन्मदिन पर लांच किया माईगोव वेब पोर्टल, सरकार को सीधे समस्या बता सकेंगे; दे सकेंगे सुझाव
CM Launch My Gov Poartal मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जन्मदिन पर माई गोव पोर्टल को लांच किया।
शिमला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जन्मदिन पर माई गोव पोर्टल को लांच किया। सीएम ने कहा इसकी देर से शुरुआत हुई है, लेकिन इससे अब पारदर्शिता आएगी। माई gov पोर्टल और सीएम एप का लोगों को लाभ मिलेगा। यह लोगों से जुड़ने का माध्यम हो गया। माई गोव पोर्टल लांच करने वाला हिमाचल देश का 11वां राज्य बन गया है, इसमें बजट के सुझाव सहित अन्य राय ली जा सकती हैं। इसके अलावा कौन से क्षेत्र में क्या समस्या है, उसका पता लगाकर सुलझाया जा सकता है।
सीएम ने कहा सोशल मीडिया का प्रभाव बहुत अधिक है। हेल्पलाइन बहुत अधिक न हो जिससे आम आदमी कंफ्यूज हो जाता है। जयराम ठाकुर ने सीएम एप को अधिकारियों को डाउनलोड कर इससे जुड़ने को कहा, ताकि लोगों को लाभ मिल सके। सीएम ने अधिकारियों को जुनून के साथ काम करने को कहा। नागरिकों को सरकारों के साथ जोड़ना है।
जनता भी करेगी नीतियों की समीक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकारी योजनाओं की स्थिति को लेकर माईगोव पोर्टल से जन संवाद करते हैं। इसी तर्ज पर हिमाचल सरकार ने भी माईगोव पोर्टल शुरू किया है। सरकारी योजनाओं व नीतियों की समीक्षा अब प्रदेश की अफसरशाही नहीं बल्कि हिमाचल की आम जनता भी करेगी। प्रधानमंत्री के मन की बात को हिट करने वाले माईगोव वेब पोर्टल को लांच करने वाला हिमाचल देश का 11वां राज्य बन गया है।
वेब पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे मन की बात
हिमाचल के आम नागरिक अपने मन की बात इस वेब पोर्टल में अपलोड कर सकेंगे। हिमाचल सरकार के लिए यह वेब पोर्टल डिजिटल सर्वे एजेंसी के रूप में भी काम करेगा। इस पोर्टल की लांचिंग के बाद सरकार तथा आम जनता के बीच की खाई समाप्त हो जाएगी। यह प्रावधान प्रदेश की जनता के लिए जनमंच तथा मुख्यमंत्री संकल्प सेवा योजना से भी ज्यादा प्रभावी हो सकता है।
मिल सकेगा स्टीक फीडबैक
पोर्टल शुरू होने के बाद सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लेकर जनता से इनकी स्टीक फीडबैक मिल सकेगी। इससे पहले सरकार ने जनमंच तथा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजनाएं शुरू की हैं, ताकि लोगों की शिकायतें व समस्याएं सरकार तक पहुंच सकें। जयराम सरकार की इन दोनों योजनाओं के बाद अब जनता को माईगोव के रूप में एक और तोहफा दिया है।