पंचायत स्तर पर आइटी सुविधा देने में हिमाचल अग्रणी, सीएम जयराम ठाकुर ने दी बधाई
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंचायती राज विभाग को केंद्र सरकार के पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले ई-पंचायत पुरस्कार-2020 के लिए हिमाचल के चयनित होने पर बधाई दी है।
शिमला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंचायती राज विभाग को केंद्र सरकार के पंचायतीराज मंत्रालय द्वारा दिए जाने वाले ई-पंचायत पुरस्कार-2020 के लिए हिमाचल के चयनित होने पर बधाई दी है। केंद्रीय मंत्रालय विभिन्न राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों में पंचायतों द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी के प्रयासों को मान्यता प्रदान करने में हिमाचल अग्रणी रहा है।
पंचायतीराज मंत्रालय सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से पंचायतों के कामकाज में कुशलता, पारदर्शिता तथा दक्षता लाने के प्रयास के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन प्रदेशों को दिया जाता है, जिन्होंने पंचायतों के विभिन्न कार्यों की निगरानी में सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकतम प्रयोग सुनिश्चित किया है।
हिमाचल को यह पुरस्कार केंद्र सरकार के ई-एप्लीकेशन तथा राज्य सरकार द्वारा विकसित अन्य एप्लीकेशनों के प्रभावी प्रयोग के लिए प्रदान किया गया है। राज्य की सभी 3,226 पंचायतों को इंटरनेट सुविधा प्रदान की गई है। परिवार रजिस्टर, जन्म पंजीकरण, मृत्यु तथा विवाह पंजीकरण जैसी विभिन्न सेवाएं पंचायतों में ऑनलाइन पंजीकृत की जा रही हैं।