टाउन वेंडिंग कमेटी के चुनाव में सीटू का दबदबा, सभी नौ सीटों पर कब्जा
Town Vending Committee Mandi नगर निगम मंडी व जिला प्रशासन के समक्ष रेहड़ी फड़ी धारकों की मांगों को उठाने के लिए टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन किया गया। रेहड़ी-फड़ी यूनियन (संबंधित सीटू) ने टाउन वेंडिंग कमेटी के चुनाव में सभी नौ सीटें जीती हैैं।
मंडी, संवाद सहयोगी। Town Vending Committee Mandi, नगर निगम मंडी व जिला प्रशासन के समक्ष रेहड़ी फड़ी धारकों की मांगों को उठाने के लिए टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन किया गया। रेहड़ी-फड़ी यूनियन (संबंधित सीटू) ने टाउन वेंडिंग कमेटी के चुनाव में सभी नौ सीटें जीती हैैं।
नगर निगम के सहायक आयुक्त डीसी ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न चुनाव में सीटू के अलावा अन्य किसी संगठन ने अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे। इस कारण सर्वसम्मति से सीटू से संबंधित रेहड़ी-फड़ी यूनियन ने टाउन वेंडिंग कमेटी की सभी नौ सीटों पर कब्जा किया। सुरेंद्र कुमार, दीपक शर्मा, प्रवीण कुमार, विमला, निर्मला, दिनेश कुमार, रिहाना, सिकंदर व दर्शनु देवी ने जीत हासिल की है। टाउन हाल में चुनाव प्रक्रिया में शहर के 200 वैंडर्स ने भाग लिया। जीत के बाद विजेताओं को फूलों से लाद दिया। टाउन हाल से सेरी मंच तक सीटू के कार्यकर्ताओं ने रेहड़ी-फड़ीधारकों के साथ शक्ति का प्रदर्शन किया।
कब शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया
टाउन वेंडिंग कमेटी के चुनाव को लेकर करीब एक सप्ताह पहले प्रक्रिया शुरू हुई थी। तीन से पांच जनवरी तक नामांकन पत्र का समय निर्धारित किया था। छह जनवरी को नामांकन पत्रों की छंटनी व सात को मतदान हुआ। टाउन वेंडिंग कमेटी में साठ प्रतिशत सदस्य सरकारी विभागों व 40 प्रतिशत रेहड़ी फड़ी धारकों से लिए जाते हैं। शहर के रेहड़ी-फड़ी धारकों में हालांकि भारतीय मजदूर संघ की भी पकड़ है, लेकिन फिर भी संघ ने टाउन वेंडिंग कमेटी के चुनाव से किनारा रखा।
रेहड़ी-फड़ी यूनियन काफी अर्से से रेहड़ी-फड़ी धारकों के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन करती रही है। इसी का परिणाम है कि इस बार भी चुनाव में सीटू से संबंधित यूनियन ने सभी सीटों पर कब्जा किया है। आने वाले समय में भी यूनियन मांगों को प्रमुखता से उठाएगी।
-सुरेंद्र कुमार, प्रधान, रेहड़ी-फड़ी यूनियन