नेताओं की चुनाव में कार्यप्रणाली के आधार पर होगा मंत्रिमंडल में फेरबदल : जयराम
CM says change in cabinet after parliamentary poll मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नूरपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा।
नूरपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को नूरपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा चुनाव के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा। उन्होंने कहा लोकसभा चुनाव के बाद मंत्रियों और विधायकों की कार्यप्रणाली को देखा जाएगा और इसके आधार पर ही मंत्रिमंडल में फेरबदल किया जाएगा।
इस बार भाजपा चुनाव प्रचार में बहुत आगे है, जबकि कांग्रेस इसमें पिछड़ चुकी है। उन्होंने कहा पिछली बार भाजपा ने प्रदेश में बिना सरकार के होते हुए भी चारों लोकसभा सीटें जीती थीं और इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार है और इस बार भी चारों लोकसभा सीटे जीतेंगे। उन्होंने कहा इस बार केंद्र में मोदी सरकार की नीतियों के कारण देश मे विकास हुआ है और इन योजनाओं का आम लोगों को लाभ मिला है जिसका आमजन में प्रभाव है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के कांग्रेस में जाने पर कहा वह पार्टी में आए ही नहीं थे, तो जाने का सवाल नहीं। उन्होंने कहा सुरेश चंदेल का कांग्रेस में जाने का दुख है और इसकी भरपाई करेंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर, विधायक राकेश पठानिया, भरमौर के विधायक जिया लाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार भी मौजूद रहे।