हिमाचल उपचुनाव: भाजपा ने धर्मशाला को चार जोन में बांटा, इन नेताओं को दी जिम्मेदारी
जोरावर स्टेडियम तपोवन में आज लाभार्थी सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री उपचुनाव के लिए हलके की जनता के बीच चुनावी हुंकार भरेंगे।
धर्मशाला, जेएनएन। उपचुनाव को लेकर प्रदेश भाजपा दिग्गज पार्टी प्रभारी सहित धर्मशाला में जुट गए हैं। धर्मशाला को चुनाव के लिहाज से भाजपा ने चार जोच में बांटा है। उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, जवालामुखी के विधायक रमेश धवाला व विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज को चार जोन का प्रभारी बनाया है। सुबह साढ़े 11 बजे से बैठक शुरू हो गई है। बताया जा रहा है इसी बैठक के बाद मंत्रियों व विधायकों को चुनाव की तैयारी को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रदेश प्रभारी मंगल पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद किशन कपूर, मंत्री सरवीण चौधरी, विपिन परमार, विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज समेत विधायक मौजूद हैं।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जोरावर स्टेडियम तपोवन में लाभार्थी सम्मेलन में संबोधित किया। सीएम ने उपचुनाव के लिए हलके की जनता के बीच चुनावी हुंकार भरी। लाभार्थी सम्मेलन के बहाने मुख्यमंत्री विपक्ष पर निशाना साधते हुए चुनावी बिगुल फूंका। प्रदेश भाजपा ने उपचुनाव के लिए धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में अबकी बार 20 हजार पार का नारा दिया है। जनसभा में सीएम ने इसे दोहराया।
बैठक में फैसला लिया गया कि पार्टी हाईकमान धर्मशाला से जिस भी कार्यकर्ता को टिकट देगी, उसे बीस हजार से अधिक मतों की लीड दिलाकर विधानसभा भेजा जाएगा। इसके लिए मंडल को और अधिक मजबूती से काम करना होगा। कहा गया कि जल्द आचार संहिता लग जाएगी, लेकिन उससे पहले हर कार्यकर्ता को सक्रियता बढ़ानी होगी। जो लोग पार्टी से नाराज हो गए हैं, उन्हें मनाकर संगठन को मजबूत करने का फैसला लिया गया। पिछले सप्ताह भी मुख्यमंत्री धर्मशाला आए थे और कार्यक्रम के दौरान कहा था कि धर्मशाला से अपने लिए नया साथी ढूंढ रहे हैं।