सीएम बोले, एसआइटी करेगी पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े की जांच; जल्द होगा दोबारा टेस्ट
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में गड़बड़झाला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।
शिमला, जेएनएन। पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े पर सरकार सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में गड़बड़झाला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। मामले की जांच अब एसआइटी करेगी। मुख्य आरोपित सभी फरार हैं। सीएम ने कहा जल्द ही परीक्षा की अगली तारीख तय होगी। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि एक युवक ने बनयान में डिवाइस फिट किया था। पुलिस का कहना है मुख्य आरोपित के घर से 11 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। सीएम ने कहा परीक्षा इसलिए रद की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की कहीं गड़बड़ी की संभावना को खरिज किया जा सके।
कांगड़ा जिले में पुलिस विभाग में 264 पद भरने के लिए परौर में हुई लिखित परीक्षा के दौरान हॉल में छह युवक फर्जी एडमिट कार्ड बनाकर दूसरे के पेपर देने पहुंचे थे। सीआइडी की धर्मशाला टीम ने आरोपितों को पकड़ा और इनके बयानों के आधार पर सात अन्यों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान अनुराग निवासी कलानौर जिला रोहतक हरियाणा, मनदीप निवासी शांति नगर गली नंबर तीन जिला पुलिस थाना थानेसर जिला कुरुक्षेत्र हरियाणा, प्रशांत कुमार निवासी लाहड़पुर हाथरस उत्तर प्रदेश, कुलदीप निवासी गांव चौसाला तहसील कलामत जिला कैथल हरियाणा, नवीन कुमार निवासी लाहड़पुर हाथरस, जिला लाहड़पुर हाथरस उत्तर प्रदेश, सुभाष कुमार निवासी वीटा मिल्क प्लांट जोगेंद्रनगर जींद हरियाणा, रुस्तम अली निवासी गांव नगरोटू डाकघर दरकाती तहसील जवाली कांगड़ा, रघुवीर सिंह निवासी गांव नाग्लाजांडू डाकघर व पुलिस थाना हाथरस जंक्शन, जिला हाथ उत्तर प्रदेश, विक्रम निवासी दरकाती तहसील जवाली कांगड़ा के रूप में हुई। इसके अलावा चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। विक्रम से लाखों रुपये की नकदी बरामद की गई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप