Himachal By Election: भाजपा नेताओं के आजाद चुनाव लड़ने पर जयराम ठाकुर ने दिया बड़ा बयान
Himachal By Election जयराम ठाकुर ने कहा कुछ लोगों की नाराजगी है वह समय के साथ ठीक हो जाएगी।
नाहन, जेएनएन। मुख्यमंत्री ने भाजपा के बागियों द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरने पर कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। कार्यकर्ताओं को पार्टी फोरम व पार्टी के बाहर अपनी बात रखने का हक है। एक दर्जन पार्टी कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए आवेदन किया था, मगर टिकट तो एक को ही मिलना था। उन्होंने कहा कुछ लोगों की नाराजगी है, वह समय के साथ ठीक हो जाएगी।
पच्छाद विधानासभा उपचुनाव के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा प्रदेश की दोनों सीटें भाजपा की थीं और भविष्य में भी भाजपा की होंगी। पच्छाद और धर्मशाला सीटों से विधायक सांसद बनकर दिल्ली गए थे। जिसके बाद यह उपचुनाव की नौबत आई। उन्होंने कहा पार्टी हाईकमान ने रीना कश्यप को प्रत्याशी घोषित किया है, जिनका आज नामांकन हुआ है। इसके साथ ही धर्मशाला से विशाल नेहरिया ने भी अपना आज ही नामांकन किया है। विशाल नेहरिया युवा एवं सशक्त उम्मीदवार हैं। जयराम ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश उन्नति की राह पर है। मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को बड़ी योजनांए मिल रही हैं।