प्रशासन की अपील, बेवजह बाहर न निकलें लोग, नदी-नालों में बाढ़ और भूस्खलन का बढ़ा खतरा
Himachal Weather ALERT चौपाल प्रशासन ने लगातार खराब चल रहे मौसम के मद्देनजर चेतावनी जारी कर लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इस सप्ताह लगातार बारिश से जहां नदी नालों का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं जगह-जगह भूस्खलन का खतरा भी बढ़ रहा है।
नेरवा, क्षितिज सूद। Himachal Weather ALERT, चौपाल प्रशासन ने लगातार खराब चल रहे मौसम के मद्देनजर चेतावनी जारी कर लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। इस सप्ताह लगातार बारिश से जहां नदी नालों का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं जगह-जगह भूस्खलन का खतरा भी बढ़ रहा है। किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए प्रशासन ने लोगों को सतर्क कर दिया है। दो दिन पूर्व भी कुठाड़ के समीप भराणू खड्ड में जल स्तर बढ़ने से एक नेपाली युवक फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया था। ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए प्रशासन ने कदम उठाया है।
एसडीएम चौपाल चेत सिंह नेगी ने इस संदर्भ में पुलिस को भी सतर्क रहने व लोगों को जागरूक करने के निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम ने दिशा निर्देश जारी करते हुए लोगों से आग्रह किया है कि नदी नालों के समीप ना तो स्वयं जाएं और ना ही अपने पालतू मवेशियों को इस ओर जाने दें।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की सूचना के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक बरसात का यह क्रम निरंतर जारी रह सकता है, जिस कारण नदी नालों में जल स्तर बढ़ने पर बाढ़ आ सकती है और भूस्खलन भी हो सकता है, लिहाजा उन्होंने लोगों से हर समय सतर्क रहने व जब तक अति आवश्यक ना हो घरों से बाहर ना निकलने की अपील की है।