दोस्त के माता पिता को अस्पताल लेकर जा रहे जसूर के युवक की कार हादसे में मौत, दंपती की हालत भी गंभीर
Chatroli youth death in accident जिला कांगड़ा नूरपुर के छतरोली निवासी लोगों की कार बटाला में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
जसूर, जेएनएन। जिला कांगड़ा नूरपुर के छतरोली निवासी लोगों की कार बटाला में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में नूरपुर के युवक की मौत हो गई व दो लोग बुरी तरह घायल हो गए, जो जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। हादसे का शिकार युवक अपने दोस्त के माता-पिता को लेकर अस्पताल जा रहा था। मृतक की पहचान निखिल गैरी पुत्र हरदेव सिंह निवासी छतरोली, तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा के तौर पर हुई है, जबकि अशोक राणा और उसकी पत्नी सरोजवाला निवासी जसूर तहसील नूरपुर गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का अमृतसर में उपचार चल रहा है।
जानकारी अनुसार घटना मंगलवार सुबह 11 बजे के आसपास बटाला यह दुखद हादसा हुआ। गैरी अपने दोस्त के पिता अशोक राणा को अमृतसर के अस्पताल में उपचार के लिए लेकर जा रहा था। उनके साथ गैरी के दोस्त की मां सरोज वाला भी कार में सवार थीं। अमृतसर के लिए वह मंगलवार सुबह जसूर से निकले थे। बटाला में कार अनियंत्रित होकर एक रेत से भरे ट्रक के पीछे जा घुसी। पीछे से टक्कर इतनी जोरदार हुई थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घटना में कार में सवार तीनो लोग गम्भीर घायल हो गए, जिन्हें अमृतसर के एक अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन निखिल ने दम तोड़ दिया, जबकि घटना में घायल दंपती भी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
बताया जा रहा है निखिल गैरी अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है, जिसकी करीब दो साल पहले शादी हो गई है व वह अपने ससुराल में है। निखिल के पिता छतरोली में आटा चक्की चलाते हैं तो माता गृहणी है। मंगलवार को गैरी की दर्दनाक मौत का समाचार क्षेत्र में जैसे ही पता लगा तो हर कोई उसकी अचानक हुई मौत से स्तब्ध था। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार का इकलौता सहारा इस प्रकार छिन जाएगा किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।