चामुंडा शिव मंदिर के अब दूर से भी होंगे दर्शन
अब श्री चामुंडा शिव मंदिर के दर्शन दूर से होंगे। इसकी वजह मंदिर का गुंबद 70 फुट ऊंचा बनाया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, योल : अब श्री चामुंडा शिव मंदिर के दर्शन दूर से भी होंगे। यह इसलिए क्योंकि मंदिर का गुंबद 70 फुट ऊंचा बनाया जा रहा है। मौजूदा मंदिर का गुंबद करीब 30 फुट होने की वजह से शिव मंदिर के दर्शन डाढ चौक से भी बड़ी मुश्किल से हो पाते हैं। अनुमानित 1.14 करोड़ रुपये के बजट से शिव मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य जोरों से चला हुआ है। अगले वर्ष के मध्य तक कार्य पूरा होने की उम्मीद है। करीब तीन वर्ष पुराने मंदिर का ढांचा इतना जर्जर हो चुका था कि मंदिर तो क्या गुंबद भी गिरने के कगार पर था। बहरहाल, अब शिव मंदिर ही नहीं बल्कि मां चामुंडा का गुंबद भी इतना ही ऊंचा बनाया जाएगा। उधर, मंदिर के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रामोत्रा के मुताबिक चामुंडा शिव मंदिर का निर्माण कार्य 1.14 करोड़ से चल रहा है और अगले वर्ष तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।