अनुराग ठाकुर बाेले, मोदी सरकार ने दिया हर नागरिक को 60 वर्ष की उम्र के बाद पेंशन का लाभ
Central Minister Anurag Thakur केंद्रीय राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी कार्यसमिति की बैठक में दो राजनीतिक प्रस्ताव लाए गए, जिसमें प्रथम प्रस्ताव केंद्र की उपलब्धियों को लेकर मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्ताव का अनुमोदन प्रदेश सचिव पायल वैद्य एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र अत्री द्वारा किया गया। प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत करने का कार्य कर रही है। देश में अटल पेंशन योजना देश में एक बड़ी योजना के रूप में उभर कर आई है, जिसमें हर नागरिक को 60 वर्ष की उम्र के बाद पेंशन का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा देश के 80 करोड़ लोगों को 8 माह के लिए मुफ्त राशन केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही दे सकती थी।
उन्होंने कहा देश की आठ करोड़ बहनों को गैस कनेक्शन देने का काम मोदी सरकार ने किया और इस कोविड-19 के संकट काल में तीन माह तक मुफ्त सिलेंडर भी दिया। मोदी सरकार सही मायने में सभी वर्गों के लिए कार्य कर रही है। दिव्यांग, बुजुर्गों और विधवाओं के लिए एक लाख एक हजार करोड़ का बजट आवंटन किया गया है। जिसके तहत तीन माह तक सभी को 1000 रुपये मिले।