केंद्रीय विश्वविद्यालय का जल्द निर्माण करवाए सरकार
संवाद सहयोगी पालमपुर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के
संवाद सहयोगी, पालमपुर : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) के जल्द निर्माण के लिए आवाज बुलंद की है। साथ ही छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई है। एबीवीपी के संगठनात्मक जिला पालमपुर के संयोजक अभिषेक राणा ने पूर्व एवं वर्तमान सरकार पर उच्च शिक्षण संस्थान पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय में देरी छात्र वर्ग का शोषण है।
पालमपुर में वीरवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय में देरी पर कांग्रेस की तर्ज पर भाजपा का अंदरुनी द्वंद जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द सीयू के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करे। उन्होंने कहा कि 2009 में केंद्र की तत्कालीन भाजपा सरकार व प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय जिला कांगड़ा को भी अन्य राज्यों की तरह केंद्रीय विवि की मंजूरी मिली थी, परंतु कांग्रेस कार्यकाल में इसे देहरा और धर्मशाला के चक्कर में उलझाया गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर से अपील की कि केंद्रीय विवि के निर्माण में आगे आए।
केंद्रीय विवि के निर्माण से निचले क्षेत्रों के लोगों को घरद्वार शिक्षा मिलेगी वहीं प्रदेशभर के विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। उन्होंने छात्र संघ चुनाव भी बहाल करने मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव पर रोक लगाकर छात्रहित से खिलवाड़ किया था। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने छात्र संघ चुनाव बहाल करने का वादा किया था, लेकिन अभी तक बहाल नहीं हो पाए हैं। इस मौके पर स्वाति व सुमन मौजूद रहीं। --------------------
सुनील प्रांत अध्यक्ष व विशाल प्रांत महामंत्री
संगठनात्मक जिला पालमपुर के संयोजक अभिषेक राणा ने कहा कि पिछले दिनों मंडी में हुए प्रांत अधिवेशन में डाक्टर सुनील ठाकुर प्रांत अध्यक्ष व विशाल वर्मा को प्रांत महामंत्री बनाया गया। जबकि जिला पालमपुर संयोजक की कमान अभिषेक राणा, जिला प्रमुख विजय राणा, जिला संगठन मंत्री निशांत राहुल, तहसील संयोजक स्वाति वत्स व कृषि विश्वविद्यालय से अंकित ठाकुर व बतरा कॉलेज पालमपुर से सुमन कुमारी को प्रदेश कार्यकारीणी सदस्य बनाया गया है।