पड़ोसी राज्यों में सस्ता हिमाचल का सीमेंट, जानिए उद्योग मंत्री का तर्क Kangra News
संसाधन हिमाचल के... कारखाने भी प्रदेश की भूमि पर फिर भी यहां के लोगों को महंगे दाम पर सीमेंट खरीदना पड़ रहा है।
धर्मशाला, मुनीष गारिया। संसाधन हिमाचल के... कारखाने भी प्रदेश की भूमि पर, फिर भी यहां के लोगों को महंगे दाम पर सीमेंट खरीदना पड़ रहा है। हैरत है कि यही कारखाने पड़ोसी राज्य पंजाब व हरियाणा में 20 से 30 रुपये सस्ता सीमेंट बेच रहे हैैं। प्रदेश में सीमेंट के दाम लगातार बढ़ रहे हैैं लेकिन सरकार का इसकी कीमत पर कोई नियंत्रण नहीं है।
हिमाचल में तीन सीमेंट कंपनियां उत्पादन कर रही हैं। इनमें एसीसी का कारखाना बरमाणा (बिलासपुर), अंबुजा सीमेंट का दाड़लाघाट (सोलन) व अल्ट्राटेक का कारखाना भगेड़ी (सोलन) में है। तीनों ही कंपनियों में बनने वाला सीमेंट हिमाचल के साथ-साथ पंजाब, जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में भी भेजा जाता है। हिमाचल में एसीसी सीमेंट की एक बोरी करीब 370 रुपये तक उपलब्ध है। पंजाब में प्रति बोरी 20 से 30 रुपये कम में मिल रही है। यही स्थिति अन्य कंपनियों की भी है। अप्रैल में सीमेंट के दाम 350 से 360 रुपये प्रति बोरी थे। सीमेंट के लगातार बढ़ रहे दाम से गरीब तबका व ठेकेदार परेशान हैं। गरीब तबके के लोगों को घर बनाने का सपना दूर होता लग रहा है।
सीमेंट के दाम में वृद्धि से परेशानी हो रही है। हर रोज दो से तीन हजार बोरी की जरूरत होती है। दाम बढऩे से निर्माण लागत भी बढ़ी है। ऐसे में प्लान के अनुरूप काम करने में पूरा ध्यान देना पड़ रहा है। -सलीम खान मलिक, ठेकेदार।
प्रदेश में सीमेंट का उत्पादन होने के बावजूद अधिक दाम होना ठीक नहीं है। सरकार को सीमेंट के दाम पर नियंत्रण लगाना चाहिए। पंजाब की अपेक्षा दाम यहां कम होने चाहिए। -अरुण अग्रवाल, ठेकेदार।
विभिन्न राज्यों में दाम
- कंपनी,हिमाचल,पंजाब,हरियाणा
- एसीसी,370,350,352
- अंबुजा,365,340,342
- अल्ट्राटेक,360,340,342
हिमाचल में मालभाड़ा ज्यादा : उद्योग मंत्री
सीमेंट के दाम को लेकर जितना दुष्प्रचार किया जा रहा है, उतने दाम नहीं बढ़े हैं। पंजाब में यातायात का खर्च कम होने के कारण वहां रेट थोड़े कम होते हैं। हिमाचल में मालभाड़ा ज्यादा पड़ता है। शीघ्र ही सीमेंट कंपनियों से बैठक कर दाम तय किए जाएंगे। -विक्रम ठाकुर, उद्योग मंत्री।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप