विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BSNL का धमाकेदार ऑफर, नए ग्राहकों के लिए 1 रुपये में फ्रीडम 2.0 प्लान और फाइबर सुविधाएं

Published: Sat, 15 Aug 2026 02:39 PM (IST)

बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस पर नए मोबाइल ग्राहकों के लिए 1 रुपये में फ्रीडम 2.0 प्लान लॉन्च किया है, जिसमें ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. नए मोबाइल ग्राहकों के लिए 1 रुपये में फ्रीडम 2.0 प्लान।

  2. FTTH ग्राहकों को 1111 रुपये में फाइबर फ्रीडम प्लान, OTT लाभ।

  3. कांगड़ा-चंबा में 4G साइटें, मणिमहेश यात्रा मार्ग पर टावर।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में नए मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए फ्रीडम 2.0 प्लान मात्र एक रुपये में जारी किया है।

इसके माध्यम से ग्राहक एक रुपये में बीएसएनएल नेटवर्क का अनुभव, एक जीबी डाटा व 100 एसएमएस प्रतिदिन तथा 24 दिन की वैधता के साथ असीमित वायस काल की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। यह विशेष आफर 12 सितंबर तक रहेगा। यह जानकारी बीएसएनएल धर्मशाला के वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. विपिन कुमार मौर्या ने दी।

ग्राहकों को मिलेंगी ये सेवाएं

उन्होंने बताया कि बीएसएनएल ने एफटीटीएच उपभोक्ताओं के लिए भी बीएसएनएल फाइबर फ्रीडम प्लान 1111 रुपये प्रति माह का आरंभ किया है, जो ग्राहकों को न केवल 200 एमबीपीएस तक की सुपरफास्ट स्पीड के साथ 5000 जीबी मासिक डाटा उपलब्ध करवाएगा, बल्कि 27 प्रीमियम ओटीटी प्लेटफार्म (जिओ-होटस्टार, सोनी-लिव, जी-5 आदि) के माध्यम से एक ही कनेक्शन से व्यापक ब्राडबैंड एवं डिजिटल मनोरंजन की सुविधा भी निश्शुल्क उपलब्ध करवाएगा। प्लान में भारत में किसी भी नेटवर्क पर 24 घंटे अनलिमिटेड वायस काल व ड्यूल-बैड वाई-फाई की सुविधा भी शामिल है।

फ्री मिलेंगी टीवी लाइन चैनलों की सुविधा

मोबाइल ग्राहक अब बीएसएनएल सेल्फकेयर एप के माध्यम से टेंगो द्वारा संचालित बीएसएनएल टीवी लाइव चैनलों में ऑन डिमांड मनोरंजन का आनंद मोबाइल फोन पर भी निश्शुल्क ले पाएंगे।

बीएसएनएल मोबाइल फोन ग्राहकों को निश्शुल्क एंटरटेनमेंट टीवी सेवा उपलब्ध करवा रहा है। इस सेवा के माध्यम से ग्राहक मोबाइल फोन पर लाइव टीवी चैनल, फिल्में, वेब सीरीज, संगीत, विभिन्न कंटेंट सेवाएं, भक्ति सामग्री व मनोरंजन से जुड़ी अन्य सामग्री का आनंद उठा सकते हैं। यह सुविधा बीएसएनएल एंड्रायड व आइओएस प्लेटफार्म पर उपलब्ध है।

इसके अलावा बीएसएनएल, सैटेलाइट आधारित फोन सेवाओं (ग्लोबल सैटेलाइट फोन सर्विस) के माध्यम से ऐसे दुर्गम व कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करवा रहा है जहां पारंपरिक मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध करवाना चुनौतीपूर्ण है। सैटेलाइट फोन सुविधा कांगड़ा व चंबा जिला के दुर्गम एवं दूरदराज क्षेत्रों में मील पत्थर साबित हो रही है।

बीएसएनएल ने कांगड़ा व चंबा जिलों के दूरदराज एवं कम सेवा वाले क्षेत्रों में दूरसंचार कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए कई पहल की हैं। डिजिटल भारत निधि परियोजना के तहत बीएसएनएल ने 125 4-जी साइटें स्थापित की हैं, जिनमें कांगड़ा जिले में 32 व चंबा जिले में 93 साइटें शामिल हैं।

मणिमहेश यात्रियों को होगा फायदा

इन साइटों के माध्यम से कई दूरदराज और पहले कम सेवा वाले क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। मणिमहेश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए बीएसएनएल ने यात्रा मार्ग पर बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए धन्छो में नया टावर स्थापित किया है। हड़सर में स्थापित एक अन्य टावर को भी यात्रा आरंभ होने से पहले चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिस पर काम जारी है।