मनाली-लेह सड़क बहाली में जुटा बीआरओ, बर्फ की मोटी दीवार को काटना चुनौती
BRO start work for Manali Leh Highway open मौसम साफ होते ही बीआरओ ने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग पर सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है।
मनाली, जेएनएन। मौसम साफ होते ही बीआरओ ने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग पर सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि मनाली की ओर से गुलाबा पहुंचने पर ही लेह मार्ग बहाली विधिवत रूप से शुरू होगी। लेकिन बीआरओ ने इस मार्ग की बहाली लाहुल घाटी से शुरू कर दी है। बीआरओ की माने तो लाहुल घाटी को बर्फ की कैद से निकालना उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही मनाली-लेह मार्ग बहाली को भी युद्धस्तर पर अंजाम दिया जाएगा। बीआरओ ने मंगलवार को मौसम साफ होते ही लाहुल घाटी में सड़क बहाली शुरू कर दी। सर्दियों में हुई भारी बर्फबारी में दो दशक पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा है। लाहुल घाटी में दो महीनों से सड़कें बंद पड़ी हैं। मुख्य मार्गों सहित घाटी के सभी गांव के संपर्क मार्ग अवरूद्ध पड़े हैं।
लाहुल घाटी में 1997 के बाद 4 से 7 फीट तक बर्फ गिरी है। मनाली-लेह मार्ग बहाली भी कुछ सालों से बीआरओ के लिए चुटकी भरा काम लगने लगा था लेकिन इस साल बीआरओ की राह भी मुश्किल हुई है। लाहुल घाटी की सड़कों में ही 4 से 7 फीट बर्फ जमा है। हिमखंड व भूस्खलन होने से बीआरओ की दिक्कत और अधिक बढ़ी है।
गुलाबा से रोहतांग व कोकसर से रोहतांग तक कहीं-कहीं 60 फीट तक बर्फ की मोटी दीवार काटकर बीआरओ को आगे बढऩा है। लाहुल की पट्टन घाटी की मुख्य सड़क तांदी संसारी नाले तक सड़क बहाली भी चुनौतीपूर्ण है। जगह-जगह हिमखंड गिरने से बीआरओ 94 आरसीसी की राह भी कम आसान नहीं है।
बीआरओ ने इस मार्ग को उदयपुर से तांदी व तांदी से उदयपुर की तरफ डोजर बर्फ हटाने में लगा दिए हैं। मनाली लेह मार्ग में बर्फ हटाने जा रही 70 आरसीसी ने भी कई स्थानों से शुरुआत की है। बीआरओ ने शटिंगरी के साथ-साथ मनाली से भी गुलाबा की ओर सड़क बहाली शुरू कर दी है।
सीमा सड़क संगठन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल उमा शंकर ने बताया सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया मौसम खुलते ही बीआरओ ने लाहुल घाटी में एक साथ कई स्थानों से मार्ग बहाली शुरू कर दी है, जबकि मनाली-लेह मार्ग पर भी शटिंगरी और मनाली से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीआरओ गुलाबा पहुंचने के बाद ही विधिबत रूप से मनाली-लेह मार्ग की बहाली शुरू करेगा।