लोकसभा चुनाव: हिमाचल में भाजपा करेगी टिकटों में बदलाव, प्रदेशाध्यक्ष ने दिए संकेत
हिमाचल प्रदेश के चारों लोकसभा सांसदों की टिकट में बदलाव हो सकता है। यह संकेत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने दिया है।
जेएनएन, पालमपुर। लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश के चारों लोकसभा सांसदों की टिकट में बदलाव हो सकता है। यह संकेत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने पालमपुर में चल रहे कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के अभ्यास वर्ग के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के चारों सांसदों ने बेहतरीन काम किया है, लेकिन टिकट में बदलाव कि संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद शांता कुमार के चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि शांता कुमार ने पहले भी हाईकमान के आदेश माने हैं तथा उनके इंकार के बाद अब हाईकमान ही अंतिम फैसला करेगा। सत्ती ने कहा कि दो दिन तक चले पालमपुर के इस अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी रोड मैप समझाया गया है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए पूरी रणनीति के तहत काम करेगी।
इसके लिए अलग-अलग संसदीय क्षेत्रों में रैलियों और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि कांग्रेस सरकार की जनता विरोधी नीतियों को आम जनता तक कार्यकर्ता पहुंचा सकें। इसके लिए 150 किलोमीटर तक की पदयात्रा भी प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में होगी।