भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 17 से 19 फरवरी तक धर्मशाला में, नड्डा भी करेंगे कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन
BJP Core Committee Meeting Dharamshala भाजपा प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रदेश कार्य समिति की बैठक आगामी 17 18 और 19 फरवरी को धर्मशाला में होगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। BJP Core Committee Meeting Dharamshala, भाजपा प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण वर्ग एवं प्रदेश कार्य समिति की बैठक आगामी 17, 18 और 19 फरवरी को धर्मशाला में होगी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा 17 फरवरी को सुबह 9.30 बजे से शाम 5.00 बजे तक प्रदेश के प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण वर्ग होगा। इसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
17 फरवरी को शाम 6.00 बजे पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जो देर रात तक चलेगी। 18 फरवरी को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी, जो 19 फरवरी को दोपहर बाद तक चलेगी। उन्होंने कहा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बैठक के उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्य समिति की बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, सभी मंत्रीगण, विधायकगण, सांसद, 2017 के प्रत्याशी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, जिलाध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे। बैठक में पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की जाएगी एवं आगामी रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति के एक सप्ताह के अंतर्गत सभी संसदीय क्षेत्रों में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन होगा और उसके बाद प्रशिक्षण शिविर मंडल स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे।