चार सालों में प्रदेश में चार बड़े काम बताए भाजपा सरकार
उप-चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को इसका जबाव देगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में दौरान कहा कि महंगाई की बात की जाए तो सरकार उस पर कोई कार्रवाई करने एवं नियंत्रित करने की बजाए तर्क देती है
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। भाजपा की यह नीति रही है कि प्रदेश के मुद्दों को भटकाती है। भाजपा की हालात अब प्रदेश की जनता भी जान चुकी है। उप-चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को इसका जबाव देगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में दौरान कहा कि महंगाई की बात की जाए तो सरकार उस पर कोई कार्रवाई करने एवं नियंत्रित करने की बजाए तर्क देती है कि इस पर सरकार को नियंत्रण नहीं है।
सीमेंट, पैट्रोल-डीजल को लेकर सरकार का यही तर्क होता है। अगर सरकार का किसी चीज पर नियंत्रण नहीं है तो भाजपा स्पष्ट करे कि उनका नियंत्रण है किस चीज पर। जिस सरकार को किसी भी चीज पर नियंत्रण नहीं है तो वो सरकार ही क्यों है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार के मंत्री कह रहे हैं कि भाजपा विकास के नाम पर उप-चुनाव में उतर रही है एवं जनता के समक्ष भाजपा सरकार के विकास कार्य लाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार बताए कि पिछले चार सालों में भाजपा सरकार ने कौन से ऐसे चार विकास कार्य किए हैं।
प्रदेश सरकार बताए कि पिछले चार सालों में हिमाचल के लिए कौन सी बड़ी योजना लाए, कौन का शैक्षणिक संस्थान या अस्पताल खोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रही है। जनमंच के माध्यम से अधिकारियों व कर्मचारियों को जनता के समक्ष ले जाकर जलील किया जा रहा है। उप-चुनावों में कांग्रेस के परिवारवाद करने की आरोप लगाए वाली सरकार यह क्यों भूल जाती है कि उनके खुद ही मंत्री व विधायक परिवारवाद की उपज हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के केंद्रीय खेल व सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर खुद परिवादवार ही उपज हैं।