शांता कुमार बोले, हैदराबाद में शर्मनाक दरिंदगी से मन ही नहीं आत्मा भी कांप रही
भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा है कि हैदराबाद में पशु चिकित्सक से शर्मनाक दरिंदगी से मन ही नहीं आत्मा भी कांप रही है।
पालमपुर, जेएनएन। भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा है कि हैदराबाद में पशु चिकित्सक से शर्मनाक दरिंदगी से मन ही नहीं, आत्मा भी कांप रही है। भारतीय के तौर पर सिर शर्म से झुक जाता है। शांता कुमार ने कहा कि कभी किसी ने सोचा नहीं था कि आजादी के 70 साल बाद हमें इतना लज्जित होना पड़ेगा। दिल्ली कांड के अपराधियों को फांसी की सजा हो चुकी थी पर सरकारी सुस्ती से सात साल से फांसी नहीं दी जा रही है। पूरे देश में दुष्कर्म के मामले दोगुने हो गए हैं लेकिन केवल 25 फीसद में ही सजा होती है।
हैदराबाद की घटना के बाद देश सड़कों पर चिल्ला रहा है, आंसू बहा रहा है। इतने दिन बीतने के बावजूद सरकार अभी तक चुप है। यह हैरानीजनक बात है। शांता कुमार ने कहा है कि परिस्थिति गंभीर हो गई है। लोगों का विश्वास उखड़ रहा है। सरकार अतिशीघ्र इस मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई करे। कानून बदले और दुष्कर्म सिद्ध होने पर फांसी और केवल फांसी की सजा ही हो। तीन माह में अपराधियों को सूली पर चढ़ाया जाए। सभी औपचारिकताएं इससे पहले पूर्ण हों। फांसी देने की कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग हो और उसे टीवी पर दिखाया जाए। उन्होंने कहा कि योग और नैतिक शिक्षा को अनिवार्य विषय बनाकर शिक्षा में जोड़ा जाए।