अभिनेत्री कंगना पर टिप्पणी करने पर भाजपा आइटी सेल ने करवाई संजय राउत के खिलाफ शिमला में शिकायत
Kangana Ranaut हिमाचल प्रदेश भाजपा आइटी सेल ने शिवसेना नेता संजय राउत के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के लिए पुलिस अधीक्षक शिमला को पत्र सौंपा है।
शिमला, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश भाजपा आइटी सेल ने शिवसेना नेता संजय राउत के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के लिए पुलिस अधीक्षक शिमला को पत्र सौंपा है। भाजपा आइटी सेल ने आरोप लगाया है कि शिवसेना नेता ने हिमाचल की बेटी व अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया है।
शनिवार को भाजपा नेता चेतन बरागटा सहित आइटी सेल के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक मोहित चावला को शिकायत पत्र दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना नेता ने निजी मीडिया चैनल में कानून को भी मानने से इंकार किया है। इसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले को सदर थाना भेजा है। शिकायत पत्र में मीडिया हाउस का जिक्र है। मीडिया हाउस से रिकॉर्डिंग लेने और कानूनी सलाह लेने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। मुंबई में कंगना का कार्यालय तोडऩे और संजय राउत के बयानों पर हिमाचल में हर जगह आक्रोश है। भाजपा से लेकर आम लोगों ने मोर्चा खोल रखा है। प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान से लेकर शिवसेना के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।