जयराम मंत्रिमंडल के विस्तार को हाईकमान की हरी झंडी, अमित शाह से हुई लंबी मंत्रणा; पढ़ें पूरी खबर
Himachal Cabinet Extension भाजपा हाईकमान ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मंत्रिमंडल विस्तार करने की हरी झंडी दी है।
शिमला, राज्य ब्यूरो। भाजपा सरकार के सत्ता में सफल दो साल पूरे होने के मौके पर शिमला में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता केंद्रीय गृह अमित शाह से स्वीकार कर लिया है। इसके साथ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मंत्रिमंडल विस्तार करने की हरी झंडी दी है। इसी के साथ सार्वजनिक उपक्रमों में नियुक्तियां करने का रास्ता भी साफ हो गया है। धर्मशाला स्थित तपोवन में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।
बुधवार को दोपहर बाद नई दिल्ली में 6 कृष्णा मेनन मार्ग आवास पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अमित शाह से मुलाकात की। जयराम ने 27 दिसंबर को सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। शाह ने न्योता स्वीकार करते हुए आने का वादा किया।
पार्टी को मिलेगा नया अध्यक्ष
दिसंबर के दूसरे सप्ताह में प्रदेश भाजपा को नया अध्यक्ष मिलेगा। उससे पहले संगठनात्मक चुनाव के तहत जिला अध्यक्षों का चुनाव पूरा होगा। शाह से मुलाकात के बाद तय माना जा रहा है कि जयराम राजनीतिक तौर पर सशक्त होकर उभरेंगे। संगठन और सरकार में उनके मुताबिक गतिविधियां संचालित होंगी।
हिमाचल में भी लागू करेंगे एनआरसी
पत्रकारों से बातचीत में जयराम ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मंत्रिमंडल विस्तार पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त संगठन से जुड़े मामलों पर भी मंत्रणा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के मामले पर केंद्र सरकार जो भी निर्णय लेगी, राज्य सरकार उसे स्वीकार करने के साथ पूरी तरह से लागू करेगी।
बिंदल व पठानिया बन सकते हैं मंत्री
सूत्रों के अनुसार शाह से चर्चा के बाद अब राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद होगा। सत्र नौ से 14 दिसंबर तक चलेगा। चर्चा के अनुसार वरिष्ठ विधायक राकेश पठानिया और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का मंत्री बनना तय है। ऐसे में विधानसभा को नया अध्यक्ष मिलेगा। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ सार्वजनिक उपक्रमों में खाली पद भरने से भी कई नेताओं का इंतजार खत्म होगा।