Himachal Assembly By Election: दो दिन में आ सकता है भाजपा उम्मीदवारों पर फैसला
हिमाचल में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के टिकटों पर आज या कल फैसला हो सकता है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के टिकटों पर आज या कल फैसला हो सकता है। दिल्ली में संसदीय बोर्ड इस पर जल्द फैसला लेगा। धर्मशाला से जहां चार संभावित उम्मीदवारों का पैनल संसदीय बोर्ड को भेजा गया है, वहीं पच्छाद से तीन नाम भेजे गए हैं। पच्छाद से आशीष सिक्टा, रीना कश्यप और बलदेव कश्यप के नाम का पैनल तय किया है, जबकि धर्मशाला से चार नेताओं राजीव भारद्वाज, विशाल नेहरिया, संजय शर्मा और उमेश दत्त के नाम का पैनल भेजा है। दोनों विधानसभा के उपचुनाव 21 अक्टूबर को होने हैं, जिसका परिणाम 24 अक्टूबर को आएगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा पच्छाद और धर्मशाला दोनों सीटें पूर्व में भी भाजपा ने जीती थी और उपचुनाव में भी पार्टी विजयी परचम लहराएगी।
महेंद्र सिंह को पच्छाद, परमार को धर्मशाला का प्रभारी बनाया
भाजपा ने प्रदेश में होने वाले दो विधानसभा के उपचुनाव के लिए मंत्रियों को प्रभारी बनाया है। पच्छाद और धर्मशाला के उप चुनाव के लिए वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां तय की हैं। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को पच्छाद विधानसभा व स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार को धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है।