कांग्रेस पर वीडियो से छेड़छाड़ कर वायरल करने का आरोप, आचार संहिता के उल्लंघन की भी शिकायत, जानें पूरा मामला
Dharamshala By Election भाजपा ने कांग्रेस पर वीडियो से छेड़छाड़ कर वायरल करने का आरोप लगाया है साथ ही आचार संहिता के उल्लंघन की भी शिकायत की है।
धर्मशाला, जेएनएन। परिधि गृह धर्मशाला में सोमवार रात हुए प्रकरण पर भाजपा उपचुनाव प्रभारी विपिन सिंह परमार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग में की गई शिकायत के बाद भाजपा चुनाव कार्यालय प्रभारी चंद्रभूषण नाग ने कांग्रेस के खिलाफ भी मोर्चा खोला है। चंद्रभूषण नाग ने कहा कि सोमवार सायं कांग्रेस कार्यकर्ता सक्षम प्राधिकारी से अनुमति के बिना परिधि गृह में इक्ट्ठे हुए और नारेबाजी की। इस दौरान परिधि गृह में भाजपा के उपचुनाव चुनाव प्रभारी विपिन परमार पहले से ही मौजूद थे।
नाग के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसकी वीडियो बनाया और छेड़छाड़ कर वायरल कर दिया। चंद्रभूषण नाग ने चुनाव आयोग के समक्ष संपादित क्लिप प्रस्तुत की है। कहा कि भाजपा को बदनाम करने के लिए वीडियो से छेड़छाड़ की गई है और इसे गलत तरीके से प्रस्तुत कर जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई है। उन्होंने शिकायत के माध्यम से चुनाव आयोग से मांग की है कि कांग्रेस प्रत्याशी व नेताओं के खिलाफ अफवाहें फैलाने पर कार्रवाई की जाए।
यह है मामला
कांग्रेस ने परिधि गृह धर्मशाला में भाजपा उपचुनाव प्रभारी विपिन परमार का वीडियो वायरल किया है। वीडियो में परमार परिधि गृह से निकले और बाद में गाड़ी से चले गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि परमार परिधि गृह में कार्यकर्ताओं को पैसे दे रहे थे और इन्हें जनता के बीच बांटा जाना था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा वर्कर्स से बहस की। इस बात पर दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है।