भांबला हत्याकांड : एचआरटीसी चालक ने पीटा था युवक, किया आत्मसमर्पण, डिपो संचालक घर से गिरफ्तार
भांबला में हत्याकांड के आरोपितों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इनमें से एक हिमाचल पथ परिवहन निगम चालक है जबकि दूसरा डिपो संचालक। चालक संजीव कुमार ने स्वयं ही पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया जबकि दूसरा आरोपित संसार चंद को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया है।
सरकाघाट, संवाद सहयोगी। भांबला में हत्याकांड के आरोपितों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इनमें से एक हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) का चालक है, जबकि दूसरा डिपो संचालक।
चालक संजीव कुमार ने स्वयं ही पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि दूसरा आरोपित संसार चंद को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।
शुक्रवार रात को रमेहड़ गांव का रवि कुमार बाइक पर सवार होकर जाहू की तरफ जा रहा था कि भांबला से थोड़ी दूरी पर पीछे से कार में सवार संसार चंद व संजीव कुमार के साथ मामूली कहासुनी हो गई। कार में सवार दोनों आरोपितों ने लोहे की राड से रवि कुमार पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया और फरार हो गए।
घायल रवि कुमार को बलद्वाड़ा अस्पताल ले जाया गया और वहां से मेडिकल कालेज हमीरपुर जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। इस पर संजीव कुमार ने स्वयं ही पुलिस में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि संसार चंद को घर से गिरफ्तार किया गया।
बता दें कि संजीव कुमार पर पहले भी डीएसपी से मारपीट का मामला चला था, जिसमें वह बरी हो गया था। वहीं संसार चंद भी झगड़ालू प्रवृति का बताया जाता है। अब पुलिस दोनों से कड़ाई से पूछताछ करेगी।
उधर, डीएसपी तिलकराज शांडिल्य ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेने की पुष्टि की है।