शांता कुमार बोले, अत्याधिक आत्मविश्वास हो सकता है पार्टी के लिए नुकसानदायक
लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने बैजनाथ में कार्यकर्ताओं को जरूरी नसीहत दी है।
बैजनाथ, जितेंद्र कौशल। भाजपा सांसद शांता कुमार ने कहा है कि 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने के लिए कार्यकर्ताओं का अत्याधिक आत्मविश्वास पार्टी के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है। ऐसे में पार्टी की मजबूती के लिए और कदम उठाने होंगे। जिला कांगड़ा के बैजनाथ के चामुंडा हॉल में भाजपा कार्यकर्ता को संबोधित करते हुए शांता कुमार ने कहा कि आज देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की वजह से तथा उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्य की वजह से भाजपा की लहर चल रही है।
लेकिन इसकी वजह से कार्यकर्ता हवा में ना हो जाए इसी अत्याधिक आत्मविश्वास की वजह से हाल में ही उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों में मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में ही पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 का चुनाव 2014 के चुनावों से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है, क्योंकि जिन विकास कार्य तथा जनहित की नीतियों का आरंभ वर्तमान मोदी सरकार ने किया है। इनकी पूर्ण सफलता 2019 में भाजपा के सत्ता वापसी पर निर्भर करती है।
शांता कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र सरकार के सहयोग के साथ प्रदेश में जयराम सरकार बहुत बढ़िया काम कर रही है वर्तमान सरकार ने थोड़े से समय में ही प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित की है, जिसका फायदा भी आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को होने वाला है। इस मौके पर बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी, पालमपुर भाजपा के अध्यक्ष विनय शर्मा, बैजनाथ के अध्यक्ष कर्ण जम्बाल, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष अंजू कटोच व भाजपा मंडल महामंत्री निर्मल कपूर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।