Move to Jagran APP

बर्फ से ढके अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर, तीन फीट ताजा हिमपात, अब हिमस्‍खलन का खतरा

Atal Tunnel Rohtang Snowfall Pics अटल टनल रोहतांग सुरंग के दोनों छोर बर्फ से ढक गए हैं। साउथ व नार्थ पोर्टल में तीन फीट से अधिक हिमपात हो चुका है जबकि क्रम लगातार जारी है। समस्त लाहुल स्पीति में पिछले तीन दिन से भारी हिमपात हो रहा है।

By Rajesh Kumar SharmaEdited By: Published: Mon, 24 Jan 2022 10:18 AM (IST)Updated: Mon, 24 Jan 2022 10:18 AM (IST)
बर्फ से ढके अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर, तीन फीट ताजा हिमपात, अब हिमस्‍खलन का खतरा
अटल टनल रोहतांग सुरंग के दोनों छोर बर्फ से ढक गए हैं।

मनाली, जागरण संवाददाता। Atal Tunnel Rohtang Snowfall Pics, अटल टनल रोहतांग सुरंग के दोनों छोर बर्फ से ढक गए हैं। साउथ व नार्थ पोर्टल में तीन फीट से अधिक हिमपात हो चुका है, जबकि क्रम लगातार जारी है। समस्त लाहुल स्पीति में पिछले तीन दिन से भारी हिमपात हो रहा है। लाहुल घाटी के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में हालात जोखिमभरे होने लगे हैं। कोकसर, डिम्फुक, सिस्सू, गोंदला, खंगसर, दारचा, जिस्पा, योचे, रारिक, छिका, प्यूकर, नैनगाहर, गवाड़ी और पट्टन व मायड़ घाटी के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में भारी हिमपात हो रहा है। इन ग्रामीण क्षेत्रों में तीन से चार फीट बर्फ पड़ चुकी है।लगातार हो रहे भारी हिमपात से लाहुल स्पीति व मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने भी भारी हिमपात को देखते हुए हिमस्खलन की संभावना जताई है।

loksabha election banner

लाहुल घाटी में  बस सेवा सहित वाहन सेवा तीन दिन से बंद है। घाटी के सभी मुख्य मार्ग व संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। भारी हिमपात के चलते लाहुल स्पीति के लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। पर्यटन नगरी मनाली में भी भारी हिमपात हो रहा है। पर्यटक होटलों के प्रांगण व आसपास के क्षेत्रों  में ही बर्फ का आनंद ले रहे हैं। मनाली की उझी घाटी में तीन दिन से हिमपात हो रहा है, जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कोठी व सोलंग में ढाई फीट ताजा हिमपात हुआ है, जबकि पलचान, कुलंग, मझाच में भी डेढ़ दे दो फीट बर्फ पड़ चुकी है। पर्यटकों को मनाली के निकटवर्ती पर्यटन स्थल नेहरूकुंड तक ही जाने की अनुमति है।

भारी हिमपात के कारण लाहुल व मनाली घाटी के अधिकतर क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। विद्युत विभाग के कर्मी ऐसे मौसम में भी काम कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने में जुटे हुए हैं। हिमपात से बीआरओ की सभी सड़कें बंद हो गई हैं। बीआरओ का कहना है कि मौसम खुलते ही सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

लाहुल स्पीति पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने कहा मौसम की परिस्थितियों पर नजर रखे हुए हैं। समस्त घाटी में हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है। लोगों से आग्रह है कि हालात सामान्य होने  व मौसम खुलने के बाद ही घरों से बाहर निकलें।

उधर, डीएसपी मनाली संजीव कुमार ने पर्यटकों से आग्रह किया कि वे होटलों के आसपास ही बर्फ का आनंद उठाएं। हिमपात का क्रम थमने के बाद ही होटलों से बाहर घूमने निकलें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.