अनिल को मिला वफादारी का इनाम, मिली धर्मशाला भाजपा मंडल अध्यक्ष की कमान
अनिल चौधरी को भाजपा संगठनात्मक चुनाव अधिकारी एवं सांसद राम स्वरूप शर्मा ने शनिवार को मंडलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। भाजपा के सिपहसालार और जिला परिषद सदस्य अनिल चौधरी को पार्टी से निष्ठा का फल मिला है। अनिल को भाजपा संगठनात्मक चुनाव अधिकारी एवं सांसद रामस्वरूप शर्मा ने शनिवार को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के साथ ही पार्टी ने अन्य पिछड़ा वर्ग को रिझाने का प्रयास किया है। अक्टूबर में धर्मशाला हलके के उपचुनाव में भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग को तवज्जो न दिए जाने पर ओबीसी समुदाय ने भाजपा से बागी हुए राकेश चौधरी के आजाद चुनाव लड़ने पर समर्थन किया था लेकिन अनिल पार्टी के साथ डटे रहे थे।
अनिल चौधरी वर्तमान में झिकली इच्छी वार्ड से जिला परिषद सदस्य हैं। साथ ही धर्मशाला ब्लॉक की घणा पंचायत के वह वर्ष 2005 से 2015 तक प्रधान भी रहे हैं। धर्मशाला उपचुनाव में टिकट के दावेदारों में उनका नाम शामिल रहा था लेकिन पार्टी हाईकमान द्वारा उनसे बात करने के बाद उन्होंने नाम टिकट की फेहरिस्त से वापस ले लिया था। हालांकि धर्मशाला मंडल भाजपा के चुनाव पहले दो बार टल चुके हैं। इसके बाद धर्मशाला मंडल अध्यक्ष के पद पर आम सहमति न बनने के बाद मंडल चुनाव प्रभारी घनश्याम शर्मा ने प्रदेश चुनाव समिति को करीब 19 नाम भेजे थे। इनमें से चार नामों की छंटनी कर प्रदेश नेतृत्व से चर्चा के बाद मंडल अध्यक्ष के पद पर अनिल चौधरी की नियुक्ति की गई है।
उधर, अनिल चौधरी ने बताया कि हाईकमान ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उनकी मानें तो स्थानीय विधायक और अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद जल्द ही मंडल कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। कार्यकारिणी में जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी जाएगी। धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया ने बताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त मंडलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी और भी मजबूत होगी और विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का कुनबा और बढ़ाया जाएगा।