जिला कांगड़ा में सवा चार लाख बच्चों और किशोरों को दी जाएगी कृमिनाशक एल्बेंडाजोल की खुराक
Albendazole Supplement उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा जिले में 4 लाख 26 हजार 275 के करीब बच्चों और किशोरों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल एवं 93 हज़ार 408 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान दो नवंबर से 10 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा जिले में 4 लाख 26 हजार 275 के करीब बच्चों और किशोरों को कृमि नाशक एल्बेंडाजोल एवं 93 हज़ार 408 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। उपायुक्त आज राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम 2020 के तहत डीआरडीए कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा यह अभियान दो नवंबर से आरंभ होकर 10 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत एक वर्ष के बच्चे से लेकर 19 वर्ष तक की आयु के किशोरों को घरद्वार पर कृमिनाशक दवाई एल्बेंडाजोल उपलब्ध करवाई जाएगी तथा एक वर्ष के बच्चे से लेकर 05 वर्ष तक की आयु के बच्चों को विटमिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा बच्चों और किशोरों में कृमि संक्रमण के घातक दुष्परिणाम शारीरिक और बौद्धिक विकास की क्षमता को प्रभावित करते हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कोविड-19 के इस दौर में आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अभियान के लिए महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आशा वर्कर्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड-19 से संभावित संक्रमण के दृष्टिगत सभी दिशा-निर्देशों के पालन, मास्क का प्रयोग व व्यक्तिगत स्वच्छता को सुनिश्चित करने को भी कहा। उपायुक्त ने प्रारंभिक और उच्च शिक्षा उपनिदेशक को इस अभियान से संबंधित जागरूकता और जानकारी को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने के लिए के लिए विभाग के सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से जानकारी साझा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डाक्टर गुरदर्शन गुप्ता ने अभियान को लेकर तैयार की गई कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर एसडीएम, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर विक्रम कटोच, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर सौरव रतन सहित समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।