दो दिन कड़कती धूप के बाद मिलेगी राहत, 11 जून से बरस सकते हैं बादल
After Two days Rain Prediction लोगों को दो दिन गर्मी खूब परेशान करेगी लेकिन 11 जून से प्रदेश में पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो जाएंगी।
धर्मशाला, जेएनएन। प्रदेश में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी गर्मी ने खूब रंग दिखाया। सुबह से ही कड़कती धूप की वजह से मैदानी इलाकों सहित पहाड़ भी खूब तपे। मौसम विभाग की मानें तो दस जून तक तापमान में बढ़ोतरी होगी। लोगों को दो दिन गर्मी खूब परेशान करेगी। हालांकि 11 जून से प्रदेश में पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो जाएंगी। इस कारण कई स्थानों पर भारी बारिश होगी।
प्रदेश में शुक्रवार को निकली कड़कती धूप के कारण एक ही दिन में तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ गया। राजधानी शिमला में वीरवार को हुई बारिश के बाद अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, लेकिन शुक्रवार को फिर से चढ़कर 27 डिग्री तक जा पहुंचा। इसी तरह सबसे गर्म ऊना जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी वीरवार के मुकाबले में अधिकतम तापमान में एक डिग्री से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया दस जून तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके कारण प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी होगी। 11 जून को बारिश के पूरे आसार हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप