कर्मचारी का चालान कटते ही बंद हो गई पुलिस चौकी की पेयजल सप्लाई, जानिए पूरा मामला
Police Chowki Water Supply बिना मॉस्क रिवालसर बाजार में घूम रहे जलशक्ति विभाग के दो कर्मचारियों का चालान काटना पुलिस चाैकी रिवालसर के कर्मियों को महंगा पड़ गया।
रिवालसर, देवेंद्र ठाकुर। बिना मॉस्क रिवालसर बाजार में घूम रहे जलशक्ति विभाग के दो कर्मचारियों का चालान काटना पुलिस चाैकी रिवालसर के कर्मियों को महंगा पड़ गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने चालान कटते ही चौकी की पेयजल सप्लाई फेल कर दी। दो दिन तक जलशक्ति विभाग के अधिकारी व कर्मचारी पेयजल लाइन में तकनीकी खराबी का हवाला देकर गुमराह करते रहे।
पुलिस चौकी के कर्मियों को दो दिन तक पानी के लिए दर दर भटकना पड़ा। हैरत की बात यह है दो दिन तक पूरे रिवालसर कस्बे में पेयजल की सप्लाई सुचारू रूप से होती रही। चौकी कर्मियों को टैंकर की व्यवस्था करनी पड़ी। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा तो उसके बाद पेयजल सप्लाई बहाल हुई।
दो दिन पहले रिवालसर बाजार में जलशक्ति विभाग के दो कर्मचारी बिना मॉस्क लगाए घूम रहे थे। पुलिस कर्मियों ने मॉस्क पहनने का आग्रह किया तो वह आनाकानी करने लगे। पुलिस ने बिना मॉस्क घूमने पर चालान काट दिया। इसके कुछ देर बाद पुलिस चौकी में एकाएक पानी की अापूर्ति बंद हो गई। जलशक्ति विभाग के स्थानीय अधिकारियों से बात की तो बताया गया लाइन में खराबी आ गई है। फील्ड स्टाफ दूर करने का प्रयास कर रहा है। दो दिन तक सप्लाई बहाल नहीं हुई तो पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा ने थाना प्रभारी राजेश ठाकुर काे बल्ह को मौके पर जाकर वस्तुस्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए।
जांच में बात सामने अाई कि चालान काटने से खफा होकर जलशक्ति विभाग के कर्मियों ने पुलिस जवानों को सबक सिखाने के लिए पेयजल कनेक्शन काट दिया था और तकनीकी खराबी का हवाला देकर गुमराह करते रहे। उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस चौकी की पेयजल आपूर्ति बहाल हुई।
क्या कहते हैं अधिकारी
- पाइप लाइन में तकनीकी खराबी के चलते यह समस्या सामने आई थी। उसे अब ठीक कर दिया गया है। -मान सिंह भारती, सहायक अभियंता जलशक्ति उपमंडल रिवालसर।
- जलशक्ति विभाग से इस मामले को लेकर तकनीकी खराबी की रिपोर्ट मांगी गई है। विभाग के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। -राजेश ठाकुर, थाना प्रभारी बल्ह।