पालमपुर पुलिस ने चंडीगढ़ से पकड़ा ठगी का आरोपित
पुलिस आरोपित को पालमपुर ले आई है व पूछताछ जारी है। आरोपित ने 2011 में धर्म परिवर्तन कर स्वयं को सुरेश गुप्ता से अनवर शेख नाम रखा है।
पालमपुर, जेएनएन। पिछले एक माह से पुलिस से बचकर यहां-वहां भाग रहे एक कबूतरबाज को पकड़ने में पालमपुर पुलिस ने सफलता हासिल की है। क्षेत्र के चार लोगों को कैनेडा भेजने के नाम पर मोटी रकम वसूलकर आरोपित 48 वर्षीय अनवर शेख निवासी दिल्ली को चंडीगढ़ से हिरासत में लिया है। आरोपित की ओर से चार लोगों से 13 लाख 40 हजार रुपये एेंठें गए हैं।
इस संदर्भ में क्यारवां निवासी अशोक कुमार ने 25 मार्च को पुलिस थाना पालमपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसी समय से पुलिस आरोपित को ढूंढ़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही थी। पालमपुर पुलिस की ओर से की गई गहन जांच में आरोपित के चंडीगढ़ में होने की सूचना मिलते ही एसएचओ भूपेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पालमपुर पुलिस के हेडकांस्टेबल अशोक कुमार की टीम ने एक माह की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपित को दबोच लिया। पुलिस आरोपित को पालमपुर ले आई है व पूछताछ जारी है। आरोपित ने 2011 में धर्म परिवर्तन कर स्वयं को सुरेश गुप्ता से अनवर शेख नाम रखा है। उधर, डीएसपी अमित कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित अनवर शेख को स्थानीय न्यायालय में पेश किया। यहां उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।