मुट्ठीभर लोग जनता को गुमराह नहीं कर सकते, इंटरनेट मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों को सीएम का जवाब
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इंटरनेट मीडिया पर प्रदेश सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को कुंठित लोगों का टोला बताया है। वीरवार को गृह क्षेत्र सराज के बालीचौकी से ऐसे लोगों को चेताते हुए कहा कि उनके प्रयास कभी सफल नहीं होंगे।
मंडी, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इंटरनेट मीडिया पर प्रदेश सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को कुंठित लोगों का टोला बताया है। वीरवार को गृह क्षेत्र सराज के बालीचौकी से ऐसे लोगों को चेताते हुए कहा कि उनके प्रयास कभी सफल नहीं होंगे। मुट्ठीभर लोग जनता को गुमराह नहीं कर सकते। प्रदेश की जनता चट्टान की तरह सरकार के साथ खड़ी है। सराज पूरी तरह से एकजुट है। यहां के लोगों को तोडऩे की कोशिश बेकार साबित होगी।
जयराम ठाकुर ने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सराज के कुछ नेता अपनी कुंठा निकालने के लिए सार्वजनिक मंचों से अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। सराज के विकास कार्यों पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे नेता सराज की एकजुटता को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। सराज का विधायक होने के नाते यहां विकास कार्य करवाना उनका जिम्मा है। वह इस पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने 2.28 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाएं लोगों को समर्पित की। सात करोड़ से बनने वाले मिनी सचिवालय भवन को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से लोगों को कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उनकी जिंदगी आसान होगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा साढ़े तीन साल के कार्यकाल में सरकार ने हर वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर उनका उत्थान करने का प्रयास किया है। जल्द ही मंडी लोकसभा का उपचुनाव होगा। पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। उपचुनाव में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच में जाएंगे। 2019 के लोकसभा के आम चुनाव की तरह उपचुनाव में भी भाजपा भारी बहुमत से मंडी संसदीय क्षेत्र में विजय हासिल करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर सराज मंडल भाजपा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों का जायजा लिया।