पंचायत उपचुनाव: 39 जनप्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए, दो पदों के लिए नहीं भरा किसी ने नामांकन; पढ़ें पूरी खबर
Panchayat By Poll पंचायती राज उपचुनाव के तहत जिला कांगड़ा में 17 नवंबर को होने वाले चुनाव से पूर्व ही 39 पदों पर एक उपप्रधान समेत 38 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए हैं।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश पंचायती राज उपचुनाव के तहत जिला कांगड़ा में 17 नवंबर को होने वाले चुनाव से पूर्व ही 39 पदों पर एक उपप्रधान समेत 38 वार्ड सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए हैं, जबकि दो वार्ड सदस्यों के पदों के लिए किसी ने भी नामांकन नहीं भरा है और अब ये दोनों पद एक वर्ष तक यानी आम चुनाव तक रिक्त ही रहेंगे। वीरवार को हुई नामांकन वापसी के साथ ही अब जिला कांगड़ा में केवल 17 पदों पर ही चुनाव होगा, जिसमें छह प्रधान, एक उपप्रधान, तीन बीडीसी व सात पद वार्ड सदस्यों के शामिल हैं। जिला कांगड़ा में कुल 58 पदों के लिए चुनाव होना था। जिनमें परागपुर ब्लॉक की चपलाह पंचायत में सतपाल सिंह को निर्विरोध उपप्रधान चुना गया है। यहां सतपाल सिंह के अलावा किसी ने भी नामांकन नहीं भरा।
प्रधान और बीडीसी पद के लिए यहां होगा चुनाव
पंचायत प्रधानों के लिए कांगड़ा ब्लॉक की जोगीपुर, सुलह ब्लॉक की सिहोटू, परागपुर ब्लॉक की नलसूहा, नूरपुर ब्लॉक की छतरोली, फतेहपुर ब्लॉक की बरोट व रैत ब्लॉक की ठारू पंचायत में प्रधान पद के लिए चुनाव होगा। वहीं देहरा ब्लॉक की टिहरी पंचायत में उपप्रधान पद के लिए चुनाव होना तय है। उधर, ब्लॉक समिति बीडीसी के लिए देहरा ब्लॉक की सिहोलपुरी व हिरण जबकि नगरोटा सूरियां ब्लॉक के वासा वार्ड में चुनाव होगा।
वार्ड सदस्यों के लिए इन पंचायतों में होगा चुनाव
वार्ड सदस्यों के लिए देहरा ब्लॉक की गाहलियां पंचायत के वार्ड नंबर चार, सुलह ब्लॉक की गढ़ पंचायत के वार्ड एक, बैजनाथ ब्लॉक की कुदैल पंचायत के वार्ड नंबर तीन, नगरोटा सूरियां ब्लॉक की सुकनाड़ा पंचायत के वार्ड एक, फतेहपुर ब्लॉक की जगनोली पंचायत के वार्ड 7, रैत ब्लॉक की कुठारना पंचायत के वार्ड 7, भवारना ब्लॉक की बंदला पंचायत के वार्ड सात में चुनाव होगा।
नामांकन वापसी के साथ ही एक उपप्रधान व 38 वार्ड सदस्य निर्विरोध चयनित हो गए हैं। जबकि दो वार्ड सदस्यों लंबागांव ब्लॉक की मोलग पंचायत के वार्ड नंबर दो व रैत ब्लॉक की रैत पंचायत के वार्ड 7 के लिए एक भी नामांकन नहीं भरा गया। अब इन दोनों पदों पर आम चुनाव के दौरान ही चुनाव होगा, तब तक ये दोनों पद रिक्त रहेंगे। वहीं अब प्रधान के छह, एक उपप्रधान, तीन बीडीसी व सात वार्ड सदस्यों के पदों के लिए 17 नवंबर को चुनाव होगा। -अश्वनी शर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कांगड़ा।