अग्निवीर भर्ती रैली में 32 हजार ने आजमाया भाग्य
कांगड़ा और चंबा जिले के युवाओं के लिए 11 सितंबर से शुरू हुई भर्ती रैली 28 सितंबर को संपन्न हो गई। इस रैली के दौरान लगभग 32000 उम्मीदवारों ने उत्साह के साथ भाग्य आजमाया। रैली के दौरान उम्मीदवारों को भारी बारिश की चुनौती का सामना करना पड़ा।
धर्मशाला, जागरण संवाददाता। कांगड़ा और चंबा जिले के युवाओं के लिए 11 सितंबर से शुरू हुई भर्ती रैली 28 सितंबर को संपन्न हो गई। इस रैली के दौरान लगभग 32,000 उम्मीदवारों ने उत्साह के साथ भाग्य आजमाया। रैली के दौरान उम्मीदवारों और कंडक्टिंग स्टाफ को भी खराब मौसम और भारी बारिश की चुनौती का सामना करना पड़ा। लेकिन इसने उन्हें 1600 मीटर की दौड़ में पूरे जोश के साथ भाग लेने से नहीं रोका।
सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के भर्ती निदेशक कर्नल राजीव रंजन ने बताया कि रैली का सफल संचालन डीसी कांगड़ा के मार्गदर्शन में एसडीएम पालमपुर की देखरेख में हुआ। प्रशासन का सहयोग और चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध करवाए बुनियादी ढांचे के समर्थन के कारण अग्निवी भर्ती का सफल आयोजन संभव हुआ। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर प्रशासन ने उन सभी का आभार जताया, जिन्होंने 18 दिनों तक चले इस आयोजन के सफल संचालन में शामिल रहे हैं। अब प्रत्येक सफल उम्मीदवार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है कि वह अपना आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार करे जैसा कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से निदेशक भर्ती के साक्षात्कार के दौरान समझाया गया है। इसके अलावा उम्मीदवार 13 नवंबर को होने वाली अपनी लिखित परीक्षा के लिए समय से अपनी पढ़ाई शुरू कर दें।