झमेतर में 24 साल की विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, दो साल पहले हुई थी शादी Kangra News
Married Women Death उपमंडल जयसिंहपुर के तहत बालकरूपी पंचायत के झमेतर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
जयसिंहपुर, जेएनएन। उपमंडल जयसिंहपुर के तहत बालकरूपी पंचायत के झमेतर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है विवाहिता ने शुक्रवार देर रात ससुराल में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। वहीं, मामले में विवाहिता के मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। आज सुबह बालकरूपी के पंचायत प्रधान द्वारा सूचना दिए जाने पर टिक्कर (पंचरुखी) से लड़की के मायके वाले बालकरूपी गांव पहुंचे।
गुस्साए मायके वालों ने उनकी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए लड़की के ससुराल वालों के घर मे तोड़फोड़ भी की। लंबागांव पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवाहिता ईशा की दो साल पहले शादी हुई थी और उसकी छह माह की बेटी भी है। मृतका के भाई संजीव मिन्हास ने बताया उसकी बहन की शादी दो वर्ष पहले बालकरूपी निवासी अजय कुमार से हुई थी।
संजीव ने बताया कि उसकी बहन की सास व पति पिछले कुछ दिनों से बहन को परेशान कर रहे थे। दो दिन पहले उसकी बहन का पति लुधियाना चला गया। संजीव ने बताया कि शुक्रवार रात 12 बजे बहन की मां से बात हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी बहन का शव पुलिस व उनके आने से पहले ही उतार दिया था।