Himachal Police Bharti: 21 पद रह गए खाली, न्यूनतम 50 फीसद अंक भी नहीं ले सके अभ्यर्थी
Himachal Police Bharti पुरुष व महिला वर्ग की कांस्टेबल भर्ती के लिए तय मानकों पर सैकड़ों अभ्यर्थी खरे नहीं उतर पाए।
मंडी, जेएनएन। पुरुष व महिला वर्ग की कांस्टेबल भर्ती के लिए तय मानकों पर सैकड़ों अभ्यर्थी खरे नहीं उतर पाए। इससे मंडी जिला में 21 पद खाली रह गए। अब इन पदों को भरने के लिए अगले साल होने वाली भर्ती का इंतजार करना होगा। क्वालीफाई करने के लिए लिखित व साक्षात्कार में न्यूनतम 50 फीसद अंक चाहिए थे। विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के कई अभ्यर्थी इस कसौटी पर खरे नहीं उतरे। इससे 21 पद खाली रह गए। इसमें चालक के 6, महिला कांस्टेबल के पांच व पुरुष कांस्टेबल के 10 पद शामिल हैं।
खेल, स्वतंत्रता सेनानी, आइआरडीपी, ओबीसी कोटे की कई सीटें खाली रह गई। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के साक्षात्कार के लिए 152 महिला व पुरुष कांस्टेबल पद के लिए 390 उम्मीदवार बुलाए गए थे। साक्षात्कार पुलिस लाइन मंडी में 10 अक्टूबर से हुए थे। 17 अक्टूबर को परिणाम भी घोषित कर दिया गया। पुरुष कांस्टेबल के लिए 99 में से 89 उम्मीदवारों का चयन हुआ। महिला कांस्टेबल के 35 पदों में 30 भरे गए। चालक के 18 से 12 पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन हुआ।
भर्ती के लिए तीन दौर की परीक्षा हुई। विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए अभ्यर्थी न्यूनतम अंक भी हासिल नहीं कर सके। इससे 21 पद खाली रह गए। -गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी।