सुजानपुर में प्रदेश का पहला महिला व्यापार मंडल गठित
हिमाचल प्रदेश का पहला और एकमात्र महिला व्यापार मंडल सुजानपुर में गठित हो गया है । सुजानपुर व्यापार मंडल की अगुवाई में विधिवत तरीके से सर्वसम्मति के साथ महिला व्यापार मंडल का गठन किया गया ।
संवाद सहयोगी, सुजानपुर : प्रदेश के पहले महिला व्यापार मंडल का गठन सुजानपुर में हुआ। सुजानपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता व उपाध्यक्ष मनजीत जम्वाल ने सर्वसम्मति से लता ठाकुर पत्नी प्रताप राणा को इसकी कमान सौंपी है। सुजानपुर व्यापार मंडल ने अक्टूबर में घोषणा की थी यहां महिला व्यापार मंडल का गठन किया जाएगा। बुधवार को करीब 50 महिलाओं की उपस्थिति में लता ठाकुर को प्रधान व नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी को सदस्य बनाया गया।
सुजानपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने लता ठाकुर को बधाई देते हुए उन्हें शीघ्र कार्यकारिणी का गठन करने को कहा है ताकि महिला व्यापारियों को जो समस्याएं आती हैं उनका समाधान हो सके। लता ठाकुर ने पदभार संभालने के बाद कहा वह पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी का निभाएंगी और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगी। राज्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष सोमेश शर्मा ने भी लता ठाकुर को बधाई दी है। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष अशोक मेहरा, सुजानपुर के व्यवसायी अंकुश गुप्ता, कपड़ा एसोसिएशन के प्रधान विनोद मेहरा, राज्य व्यापार मंडल प्रतिनिधि गौरव जैन आदि मौजूद थे।